पाकिस्तान में बड़ा फिदायीन हमला... थाने को निशाना बनाकर उड़ाया, 5 सुरक्षाकर्मियों समेत 14 की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में शांति मार्च के दौरान हुए विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

Advertisement
उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में रविवार को आयोजित एक शांति मार्च के दौरान विस्फोट हुआ (Photo: X) उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले में रविवार को आयोजित एक शांति मार्च के दौरान विस्फोट हुआ (Photo: X)

सुबोध कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:51 PM IST

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ. स्वात जिले के काबल टाउन में शांति मार्च के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई. वहीं 12 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह धमाका आत्मघाती हमला लग रहा है, हालांकि इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement

क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (RPO) मलकंद ने बताया कि पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित स्वात में काबल पुलिस स्टेशन के पास अमन पासून शांति रैली के दौरान एक संदिग्ध आत्मघाती धमाका हुआ है. धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है. इस भीषण विस्फोट में 5 पुलिसकर्मियों और 9 नागरिकों की जान चली गई, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले का मुख्य निशाना पाकिस्तानी पुलिसबल ही था और घटना के बाद से सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है.

दरअसल, यह मार्च स्वात अमन जिरगा नाम की स्थानीय आदिवासी परिषद ने आयोजित की थी. पिछले कुछ महीनों में इस इलाके में सुरक्षा हालात काफी बिगड़े हैं, जिसे देखते हुए लोगों ने शांति की मांग को लेकर यह मार्च निकाली थी. मार्च में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगा रहे थे और इलाके में अमन बहाल करने की अपील कर रहे थे. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई.

धमाके की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गए. रेस्क्यू टीमों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया. पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है ताकि जांच की जा सके और स्थिति को काबू में रखा जा सके.

Advertisement

स्वात पुलिस ने बताया कि मरने वालों और घायलों की संख्या बढ़ भी सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल इस हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली है. लेकिन जिस तरह से शांति मार्च को निशाना बनाया गया, उससे इलाके में डर और तनाव का माहौल है.

स्थानीय लोग पहले से ही सुरक्षा के मुद्दे को लेकर चिंतित थे और यह हमला उनकी चिंता को और बढ़ा देगा. प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा और कड़ी करने के आदेश दिए हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »