पाकिस्तान में बड़ा हादसा: लाहौर में ट्यूशन सेंटर की छत गिरी, 14 बच्चों की मौत, 20 घायल

लाहौर के काहना नौ में एक निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई और 20 बच्चे घायल हो गए. हादसे के समय इमारत में 7 से 13 साल के लगभग 30 बच्चे प्राइवेट ट्यूशन ले रहे थे. रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे बाकी पीड़ितों की तलाश में जुटी हैं.

Advertisement
मौतों की संख्या बढ़ सकती है. (AI-generated image) मौतों की संख्या बढ़ सकती है. (AI-generated image)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:40 PM IST

पाकिस्तान के लाहौर में मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत अचानक गिर गई. इस मलबे में दबने से 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 बच्चे घायल हो गए. रेस्क्यू टीमें मलबे में फंसे बाकी संभावित पीड़ितों की तलाश में जुटी हुई हैं.

पुलिस के मुताबिक, ये हादसा लाहौर के घनी आबादी वाले काहना नौ इलाके में हुआ. हादसे के वक्त एकेडमी में 7 से 13 साल की उम्र के 30 से ज्यादा बच्चे क्लास पढ़ रहे थे. तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई और सभी बच्चे मलबे के नीचे दब गए.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला टीचर को तुरंत अस्पताल शिफ्ट किया गया है.  फिलहाल मौके पर एधी एम्बुलेंस तैनात हैं जो बचाव कार्य में जुटे हैं.

ठेकेदार को गिरफ्तार किया गया

लाहौर के DIG ऑपरेशंस फैसल कामरान ने पत्रकारों को बताया, 'मलबे से अब तक 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं.' उन्होंने हादसे की वजह बताते हुए कहा, 'इमारत का एक हिस्सा निर्माणाधीन था और जब छत गिरी, तब मजदूर वहां काम में व्यस्त थे. हमने इस मामले में ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है.'

बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या

लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के CEO तारिक महमूद ने बताया कि इस इमारत में इलाके की ही एक महिला प्राइवेट ट्यूशन सेंटर चला रही थी. राहत कार्य में जुटी संस्था 'एधी फाउंडेशन' ने कहा कि काहना नौ इलाके की बस्ती ईद गाह कॉलोनी में स्थित इस एकेडमी की छत अचानक गिर गई. उन्होंने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ बच्चे अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं.

Advertisement

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए.

यह भी पढ़ें: मुंबईः स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत, चार बच्चे अस्पताल में भर्ती

प्रांतीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने लाहौर जनरल अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी है. अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ को घायलों का तुरंत और बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए गए हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »