बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने 9 अक्टूबर से 20 अक्टूबर के बीच पूरे पाकिस्तान में 34 ऑपरेशन को अंजाम दिया है. BLA के दावे के मुताबिक, उसने 11 दिनों में 23 पाकिस्तानी सुरक्षाबलों को मारा है.
समूह के मुताबिक, इन ऑपरेशनों में पाकिस्तानी सेना के 14 जवान और मिलिट्री इंटेलिजेंस के साथ कथित 'डेथ स्क्वॉड' के 9 सदस्य मारे गए.
BLA ने यह भी दावा किया कि उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के एक सक्रिय जवान को पकड़ लिया है. संगठन के मुताबिक, उसके लड़कों ने कथित 'आर्थिक नाकेबंदी' की नीति के तहत मुख्य राजमार्गों पर नियंक्षण बनाए रखा और अचानक चेकिंग की. हालांकि, पाकिस्तानी बलों के साथ सीधी झड़प में BLA के भी 6 सदस्य मारे गए.
BLA ने इन हमलों की पूरी टाइमलाइन भी जारी की है.
9 अक्टूबर: BLA के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने तुर्बत के नसीराबाद में पाकिस्तानी सेना और कथित डेथ स्क्वॉड के सदस्यों पर हमला किया. इस दौरान डेथ स्क्वॉड का एक सदस्य मौके पर ही मारा गया.
13 अक्टूबर: BLA ने दावा किया है कि हरनाई के शहरग इलाके में साजो के पास IED विस्फोट के जरिए पाकिस्तानी सेना के एक वाहन को निशाना बनाया गया. इसमें तीनों जवानों की मौक हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए. BLA ने विस्फोट में सैन्य वाहन को पूरी तरह नष्ट करने का दावा किया. इसी दिन उसने चगाई जिले के दलबांदिन में क्वेटा-ताफतान व्यापार मार्ग पर कारोदाक के पास दो व्यवासायिक वाहनों को कब्जे में लेने और उनमें से एक को आग लगाकर नष्ट करने का भी दावा किया.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की सेना पर BLA का हमला, रिमोट कंट्रोल बम से उड़ाई गाड़ी, मेजर समेत 7 जवानों की मौत का दावा
14 अक्टूबर: BLA के मुताबिक, मस्तुंग के दश्त बाबा इलाके में उसने पाकिस्तानी सेना पर अचानक हमला किया, जिसमें दो जवान मारे गए और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. इसी दिन खुजदार में सिम्बा पुल के पास सेना के काफिले और व्यावासायिक वाहनों पर सशस्त्र हमला करने का भी दावा किया गया.
संगठन ने इसी दिन खारान के खोकाप निवासी बहादुर खान और साबिर नाम के लोगों को मौत की सजा सुनाने की भी बात की है. BLA का आरोप था कि दोनों कथित तौर पर डेथ स्क्वॉड से जुड़े थे और सैन्य अभियानों में पाकिस्तानी सेना की मदद कर रहे थे.
15 अक्टूबर: BLA ने दावा किया कि बुलेदा के जूमदान में सैन्य काफिलों को सुरक्षा देने के लिए आगे बढ़ रहे पाकिस्तानी सैनिकों पर उसने हमला किया. इसमें एक जवान की मौत हुई और दूसरा घायल हो गया. इसी दिन नोशकी बाजार में पुन्हल नाम के एक व्यक्ति को मार गिराने का भी दावा किया गया. संगठन ने आरोप लगाया कि वह दुकानदार की आड़ में पाकिस्तानी सेना के लिए जासूसी और खुफिया जानकारी जुटाने का काम करता था. BLA ने इसी दिन किला अब्दुल्ला में विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल कर पिंकी पोस्ट को पूरी तरह नष्ट करने का भी दावा किया.
16 अक्टूबर: BLA ने केच के दश्त इलाके में चीर कुंचाती के पास, पाकिस्तानी सेना के जवानों पर हमला किया जिसमें तीन जवानों की मौके पर मौत हो गई. और दो अन्य जवान घायल हो गए. इसी दिन BLA ने एक स्नाइपर हमले में कब्जा करने वाली सेना के एक जवान को मार गिराने का भी दावा किया.
17 अक्टूबर: BLA के मुताबिक, चगाई जिले के दलबांदिन में क्वेटा ताफ्तान व्यापार राजमार्ग पर कारोदाक के पास उसके लड़ाकों ने तीन व्यवसायिक वाहनों को कब्जे में लिया. इसी दिन खुजदार के बागबाना इलाके में पाकिस्तानी सेना ने गनशिप हेलीकॉप्टरों की मदद से बड़ा अभियान चलाया. संगठन का दावा है कि इसके जवाब में उसके लड़ाकों ने कई जगहों से सेना पर हमला किया.
18 अक्टूबर: BLA ने दावा किया कि खरान के दाली इलाके में उसने पाकिस्तानी सेना पर हमले किए और इसमें एक जवान की मौत हो गई. जबकि दूसरा घायल हो गया. वहीं, खुजदार के कारख इलाके में संगठन ने चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे मार्ग पर नियंक्षण करने और तीन घंटे तक वाहनों की जांच करने का दावा किया. इस दौरान सेना के लिए रसद ले जा रहे एक वाहन को सामान समेत जब्त करने और पाकिस्तानी सेना के जवान नादिर अली को पकड़ने की बात भी कही.
20 अक्टूबर: BLA के मुताबिक, सुराब के हालिका इलाके में पाकिस्तानी सेना की बम निरोधक टीम को IED विस्फोट से निशाना बनाया गया. जिसमें एक जवान की मौत हो गई. वहीं, चगाई के चोकचाह में सेना के काफिले की एक गाड़ी को विस्फोट से उड़ाने का दावा किया गया. संगठन के मुताबिक, इस घटना में एक जवान मारा गया और कम से कम तीन अन्य घायल हो गए.
सुबोध कुमार