नेपाल सरकार ने एक रुपये के सिक्के के नए प्रस्तावित डिजाइन को वापस ले लिया है. इसमें नेपाल के नक्शे की जगह मुस्तांग स्थित ऐतिहासिक घार गुम्बा का चित्र रखने का प्रस्ताव किया गया था. मंत्रिपरिषद ने निर्देश दिया है कि संशोधित डिजाइन में घार गुम्बा के साथ नेपाल का नक्शा भी शामिल किया जाए.
नेपाल राष्ट्र बैंक ने 1 रुपये के सिक्के पर देश के सबसे प्राचीन बौद्ध मठ माने जाने वाले मुस्तांग के 1400 वर्ष पुराने घार गुम्बा का चित्र अंकित करने का प्रस्ताव तैयार किया था. इस डिजाइन को बैंक के नोट एवं सिक्का डिजाइन समिति और संचालक समिति से मंजूरी मिलने के बाद अंतिम स्वीकृति के लिए वित्त मंत्रालय के माध्यम से मंत्रिपरिषद को भेजा गया था.
हालांकि मंत्रिपरिषद ने डिजाइन को मंजूरी देने के बजाय इसे संशोधन के लिए वापस भेजते हुए कहा कि नए डिजाइन में नेपाल का नक्शा भी शामिल किया जाए.
नेपाल राष्ट्र बैंक के एक सूत्र के अनुसार डिजाइन समिति का उद्देश्य सिक्कों पर नेपाल की बौद्ध विरासत को भी स्थान देना था, क्योंकि अब तक अधिकांश नोटों और सिक्कों पर पशुपतिनाथ, जानकी मंदिर जैसे हिंदू धार्मिक स्थलों के चित्र ही रहे हैं. बैंक का मानना था कि घार गुम्बा का चित्र शामिल होने से बौद्ध विरासत को सम्मान मिलेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
नेपाल सरकार ने स्पष्ट किया कि सिक्के से नक्शा हटाने के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था. यह प्रक्रिया वर्तमान सरकार के गठन से काफी पहले शुरू हो चुकी थी और केवल डिजाइन, धातु तथा वजन में तकनीकी बदलाव के उद्देश्य से प्रस्ताव तैयार किया गया था.
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने भी पुष्टि की कि मुख्य सचिव ने वित्त सचिव को संशोधित डिजाइन तैयार कर उसमें नेपाल का नक्शा शामिल करने का निर्देश दिया है. इसके बाद नेपाल राष्ट्र बैंक नया प्रस्ताव तैयार करेगा.
नेपाल राष्ट्र बैंक अधिनियम के अनुसार किसी भी नोट या सिक्के के डिजाइन में बदलाव के लिए मंत्रिपरिषद की स्वीकृति अनिवार्य होती है. सरकार की मंजूरी के बिना नया डिजाइन प्रचलन में नहीं लाया जा सकता.
सफेद धातु का होगा एक रुपये का सिक्का
नेपाल राष्ट्र बैंक ने केवल डिजाइन ही नहीं बल्कि एक और दस रुपये के सिक्कों की धातु और वजन बदलने का भी प्रस्ताव रखा है. वर्तमान में एक रुपये का सिक्का पीले रंग की धातु से बनता है, जबकि नए प्रस्ताव के अनुसार इसे सफेद धातु से बनाया जाएगा.
बैंक का कहना है कि अभी एक रुपये का सिक्का ढालने में उसकी कीमत से अधिक खर्च आता है. इसलिए उत्पादन लागत कम करने और वजन घटाने के लिए नई धातु का उपयोग करने की योजना बनाई गई है.
क्या है घार गुम्बा का महत्व?
मुस्तांग जिले के अपर मुस्तांग क्षेत्र में स्थित घार गुम्बा, जिसे लो घेकर गुम्बा भी कहा जाता है, नेपाल का सबसे प्राचीन बौद्ध मठ माना जाता है. माना जाता है कि इसकी स्थापना आठवीं शताब्दी में गुरु पद्मसंभव (गुरु रिनपोछे) ने की थी. इसे तिब्बत के प्रसिद्ध साम्ये मठ से भी पुराना माना जाता है. इसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए नेपाल राष्ट्र बैंक इसे सिक्के पर स्थान देना चाहता है.
10 रुपये के सिक्के पर भी प्रस्तावित बदलाव
नेपाल राष्ट्र बैंक ने भविष्य में जारी होने वाले 10 रुपये के सिक्के के डिजाइन में भी बदलाव का प्रस्ताव दिया है. नए डिजाइन में दैलेख जिले के ऐतिहासिक भूर्ति देवल को शामिल करने की सिफारिश की गई है.
भूर्ति देवल 14वीं और 15वीं शताब्दी के खस मल्ल काल के 22 प्राचीन मंदिरों का समूह है, जिसे विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया भी चल रही है. फिलहाल 10 रुपये का नया सिक्का तत्काल जारी करने की योजना नहीं है, लेकिन भविष्य के लिए इसका डिजाइन तैयार किया जा रहा है.
पंकज दास