बेल्जियम के एंटवर्प में 10 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 5 लोगों की मौत

बेल्जियम के एंटवर्प में 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई. 200 से ज्यादा लोगों को जिंदा निकाला गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

Advertisement
बेल्जियम के एंटवर्प में 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी आग (Representative Image/File) बेल्जियम के एंटवर्प में 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी आग (Representative Image/File)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:49 PM IST

बेल्जियम के एंटवर्प शहर में बुधवार को एक 10 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई. हादसे के बाद 200 से ज्यादा निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे इलाके में बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया.

एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि बुधवार को बेल्जियम के एंटवर्प शहर में एक अपार्टमेंट ब्लॉक में लगी आग में करीब पांच लोगों की मौत हो गई. कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.

Advertisement

आग लगने के बाद 10 मंजिला इमारत को खाली कराया गया, जिसमें 200 से ज्यादा लोग रहते हैं. इस दौरान इमरजेंसी टीमों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की.

पुलिस ने क्या बताया?

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस प्रवक्ता किम बास्टियान्स ने बेल्जियम के प्राइवेट ब्रॉडकास्टर VTM को बताया, "आग हादसे में करीब 5 लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और कुछ को मामूली चोटें आई हैं. अस्पतालों पर दबाव न पड़े, इसके लिए एक मेडिकल इमरजेंसी प्लान लागू किया गया. इसके साथ ही, इलाके के लोगों से कहा गया कि वे अपनी खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और जरूरत पड़ने पर धुएं की वजह से वेंटिलेटर बंद कर दें."

पुलिस ने बताया कि एंटवर्प के लिंकरोवर इलाके में एक बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर सुबह के वक्त आग लग गई, जिससे हवा में धुएं के गुबार उठने लगे. आग के तेज होने की वजह से फायरफाइटर्स को मुश्किल हालात में आग बुझानी पड़ी. मौके पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स और पुलिस की कई टीमें भेजी गईं, जिनमें एक खास ड्रोन यूनिट भी शामिल थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन अटैक! तेल रिफाइनरी में लगी भीषण आग, 3 लोगों की मौत

आग लगने की वजह तुरंत पता नहीं चल पाई, लेकिन बास्टियान्स ने बताया कि आग ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई थी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके की जांच कर रहे थे. मौके पर मौजूद एसोसिएटेड प्रेस के एक फोटोग्राफर ने बताया कि दोपहर की शुरुआत तक धुआं कम हो गया था. हालांकि, कई फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स वहां मौजूद थे.

घटनास्थल की टीवी फुटेज में एक आदमी को ऊपरी मंजिल पर धुएं से घिरा हुआ और ताजी हवा के लिए बालकनी की ओर झुकते हुए देखा गया, जिसके बाद वह पास की खिड़की की तरफ बढ़ा. बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने कहा, "लिंकेरोएवर में लगी इस भयानक आग के पीड़ितों और वहां से निकाले गए निवासियों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं."

उन्होंने आगे कहा, "मैं उन इमरजेंसी सेवाओं का बहुत आभारी हूं, जो प्रभावित लोगों की जल्द से जल्द और सुरक्षित रूप से मदद करने की कोशिश कर रही हैं और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं." 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »