ढाका में सड़कों पर उतरे हजारों हिंदू... गूंजे 'जय श्री राम' के नारे, सरकार को दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम

बांग्लादेश में राम प्रतिमा निर्माण रोकने और तस्वीर के कथित अपमान के खिलाफ हिंदू समुदाय सड़कों पर उतर गया है. इस दौरान गिरफ्तारी और निर्माण बहाली की मांग की गई.

Advertisement
ढाका में शुक्रवार को हिंदू समुदाय के हजारों लोग सड़कों पर उतरे. (Photo: ITG) ढाका में शुक्रवार को हिंदू समुदाय के हजारों लोग सड़कों पर उतरे. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:08 PM IST

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए गए हैं. रंगपुर में भगवान राम की सबसे ऊंची मूर्ति बनाने का विरोध कर रहे कट्टरपंथी इस्लामवादियों द्वारा उनकी तस्वीर का कथित अपमान किए जाने के बाद हिंदू समुदाय के लोग सड़क पर उतरे. मूर्ति का निर्माण कार्य रुकने के बाद, शुक्रवार को ढाका में हजारों हिंदुओं ने मशाल जुलूस निकाला और 'जय श्री राम' के नारे लगाए. लोगों ने इस कथित अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ़्तारी की मांग की है.

Advertisement

बांग्लादेश में यह नया तनाव उत्तरी गाइबांधा जिले के पलाशबाड़ी में भगवान राम की 81 फीट ऊंची मूर्ति का निर्माण कार्य रोके जाने के कुछ दिनों बाद पैदा हुआ है. इस प्रोजेक्ट को चलाने वाली 'श्री श्री राधा गोविंद मंदिर समिति' का दावा है कि अधिकारियों को इस्लामी समूहों से धमकियां मिली थीं. 

इस घटना ने मुस्लिम-बहुल बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ा दी हैं.

बांग्लादेश में हिंदू क्यों कर रहे प्रोटेस्ट?

मामले में केस दर्ज हो चुका है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. शुक्रवार को कई हिंदू संगठनों और छात्रों ने मुख्य शाहबाग चौराहे पर इकट्ठा होकर नेशनल प्रेस क्लब तक मार्च किया. यह विरोध-प्रदर्शन 'हिंदू महाजोट' ने बुलाया था. संगठन ने नेशनल प्रेस क्लब के सामने मानव श्रृंखला भी बनाई. एक अन्य समूह ने ढाका रिपोर्टर्स यूनिटी (DRU) बिल्डिंग के पास प्रोटेस्ट किया.

Advertisement

रंगपुर में पुलिस द्वारा हिंदुओं को प्रदर्शन करने से रोकने के बाद मामूली झड़प हुई. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस महीने की शुरुआत में गाइबांधा में एक प्रदर्शन के दौरान इस्लामी भीड़ ने भगवान राम की तस्वीर पर जूता रखकर उसका अपमान किया.

तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP सरकार पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए, प्रदर्शनकारियों ने इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. मांग पूरी न होने पर हिंदू समुदाय ने रैलियां और विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है. शनिवार को धार्मिक मामलों के मंत्रालय को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा.

इसके अलावा, हिंदू महाजोट ने कहा कि अगर भगवान राम की मूर्ति का निर्माण फिर से शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे बांग्लादेश के सभी 64 जिलों में एक-एक करके राम मंदिर बनाएंगे.

शनिवार को भी विरोध-प्रदर्शन जारी रहने की संभावना है, क्योंकि पूजा समारोहों के लिए बनी राष्ट्रीय समिति ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है.

मूर्ति का निर्माण क्यों रोका गया है?

लॉर्ड राम की मूर्ति पलाशबाड़ी में एक मंदिर परिसर के हिस्से के तौर पर बनाई जा रही थी. इसका करीब 80% काम पूरा हो चुका है. इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 22 करोड़ बांग्लादेशी टका (करीब 15.6 करोड़ रुपये) है. इसमें भगवान कृष्ण की 50 फुट ऊंची और भगवान शिव की 30 फुट ऊंची मूर्ति भी शामिल है.

Advertisement

श्री श्री राधा गोविंद मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हरिदास चंद्र दास ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े लोगों को इस्लामी समूहों से धमकियां मिलने के बाद काम रोक दिया गया. एक कट्टरपंथी इस्लामी उपदेशक ने तो बुलडोजर से मूर्ति को गिराने की धमकी भी दी थी.

यह भी पढ़ें: Bangladesh Lord Ram Controversy: बांग्लादेश में राम की मूर्ति को लेकर हंगामा क्यों? ढाका में प्रोटेस्ट, तस्लीमा नसरीन भी बोलीं

हरिदास चंद्र दास ने मीडिया से कहा, "हम डरे हुए हैं और डर की वजग से हमने काम बंद रखा है." उन्होंने प्रधानमंत्री तारिक रहमान से भी हस्तक्षेप करने की अपील की है. दास ने कहा कि यह प्रतिमा सनातन धर्म के केंद्रीय विभूतियों में से एक को श्रद्धांजलि के रूप में बनाई जा रही है.

एक बयान में, मंदिर समिति के सलाहकार श्यामलाल कुमार महंत ने कहा कि काम रोकने का फैसला 'सामाजिक सद्भाव बनाए रखने' के लिए लिया गया था. समिति ने कहा, "हम कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए यह काम रोक रहे हैं. हम किसी विवाद की वजह नहीं बनना चाहते और न ही किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना चाहते हैं."

बांग्लादेश में हिंदू सबसे बड़े धार्मिक अल्पसंख्यक हैं, जो देश की आबादी का करीब 8% हैं. यह घटनाक्रम ऐसे वक्त में सामने आया है, जब पिछले मुहम्मद यूनुस शासन के दौरान देखे गए संकट के बाद हिंदुओं को निशाना बनाने में बढ़ोतरी देखी जा रही है.

Advertisement

फरवरी में कार्यभार संभालने वाले तारिक रहमान ने बार-बार कहा है कि बांग्लादेश में हर किसी को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है. प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले राष्ट्रीय संबोधन में तारिक रहमान ने ऐलान किया कि धर्म लोगों के लिए है, लेकिन देश सभी का है. हालांकि, इस साल 1 जनवरी से 31 मार्च के बीच सांप्रदायिक हिंसा की करीब 133 घटनाएं दर्ज की गई हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »