Baltimore Bridge से टकराया जहाज, देखते ही देखते नदी में समा गया पुल, बह गईं कारें और लोग, Video

दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जहाज को पुल से टकराते हुए देखा जा सकता है. टक्कर के बाद जहाज में आग लग जाती है और 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' का एक हिस्सा देखते ही देखते नदी में समा जाता है. इस ब्रिज की लंबाई 3 किमी (1.6 मील) बताई जा रही है.

Advertisement
अमेरिका के बाल्टीमोर में 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' जहाज से टक्कर के बाद ढह गया. (Photo: Reuters) अमेरिका के बाल्टीमोर में 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' जहाज से टक्कर के बाद ढह गया. (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • बाल्टीमोर,
  • 26 मार्च 2024,
  • अपडेटेड 3:21 PM IST

अमेरिका के बाल्टीमोर में मंगलवार तड़के कंटेनर लदा पानी का एक बड़ा जहाज 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' (Francis Scott Key Bridge) से टकरा गया. टक्कर के बाद पुल का एक बड़ा हिस्सा टूटकर पानी में समा गया. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि दुर्घटना के वक्त कई गाड़ियां और लोग पुल पर मौजूद थे. कई कारों और लोगों को पानी में देखा गया. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि बाल्टीमोर फायर डिपार्टमेंट ने पुल के ढहने से बड़े पैमाने पर जानमाल की क्षति होने की आशंका जताई है. नदी में बचाव अभियान चलाया जा रहा है. पेटाप्सको नदी के ऊपर बने इस पुल का निर्माण 1977 में हुआ था.

Advertisement

 

बाल्टीमोर फायर डिपार्टमेंट के कम्युनिकेशन डायरेक्टर केविन कार्टराईट ने रॉयटर्स से कहा, 'हमें देर रात लगभग 1:30 बजे इमरजेंसी सर्विस 911 पर कई कॉल्स आईं कि एक जहाज बाल्टीमोर में की ब्रिज से टकरा गया है, जिससे पुल ढह गया. फिलहाल इस दुर्घटना में बड़े पैमाने पर जानमाल के नुकसान की संभावना है और हम फिलहाल नदी में सात लोगों की तलाश कर रहे हैं. बाल्टीमोर के मेयर ब्रैंडन स्कॉट ने भी पुल ढहने का संज्ञान लिया और आश्वासन दिया कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर काम कर रही हैं. फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज वाशिंगटन मेट्रोपोलिटन रीजन में एक महत्वपूर्ण ट्रांसपोर्टेशन लिंक है, क्योंकि यह वाशिंगटन, डीसी के जॉर्जटाउन को आर्लिंगटन, वर्जीनिया के रॉसलिन से जोड़ता है.

यह ब्रिज फ्रांसिस स्कॉट को समर्पित है, जिन्होंने अमेरिका का राष्ट्रगान लिखा है. कार्गो शिप की लंबाई 948 फीट बताई जा रही है. टक्कर के बाद जहाज भी डूब गया. दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जहाज को पुल से टकराते हुए देखा जा सकता है. टक्कर के बाद जहाज में आग लग जाती है और 'फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज' का एक हिस्सा देखते ही देखते नदी में समा जाता है. इस ब्रिज की लंबाई 3 किमी (1.6 मील) बताई जा रही है. दाली नाम के जहाज पर सिंगापुर का ध्वज लगा था. जहाज ग्रेस ओशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की बताई जा रही है, जिसका मैनेजमेंट सिनर्जी मरीन ग्रुप के पास था. 

Advertisement

यह जहाज श्रीलंका जा रहा था. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के वक्त पुल पर कितने लोग और वाहन मौजूद थे. मैरीलैंड ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी के मुताबिक ब्रिज पर हादसे के बाद सभी लेन बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया है. रॉयटर्स के मुताबिक ग्रेस ओशन प्राइवेट लिमिटेड ने बताया है कि जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है. जहाल पुल से कैसे टकरा गई, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पेटाप्सको नदी में इस समय तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहता है. ऐसे में हादसे के बाद नदी में गिरे लोगों की जान को गंभीर खतरा है. क्योंकि तापमान कम होने की वजह से लोग हाइपोथर्मिया के शिकार हो सकते हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »