CM शुभेंदु अधिकारी के आवास की रेकी कर रहे थे जैश के संदिग्ध, बंगाल में बड़ी साजिश का पर्दाफाश

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. स्पेशल टास्क फोर्स (STF) द्वारा गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकवादी हामीम मोंडल ने पाकिस्तानी आकाओं के इशारे पर मुख्यमंत्री के आवास और कार्यक्रमों की रेकी करने की बात कबूल कर ली है.

Advertisement
जैश के संदिग्ध कर रहे थे शुभेंदु अधिकारी के आवास की रेकी. (File photo: ITG) जैश के संदिग्ध कर रहे थे शुभेंदु अधिकारी के आवास की रेकी. (File photo: ITG)

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:21 PM IST

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ रची जा रही एक बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए STF अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध गुर्गे हमीम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पित सरकार व आदित्य सिन्हा से पूछताछ में ये बात सामने आई है.

पूछताछ में ये भी बात सामने आई है कि पाकिस्तान में बैठे मंडल के आकाओं और आईएसआई (ISI) ने उसे चिनार पार्क स्थित मुख्यमंत्री आवास की रेकी करने, सीएम की एक्टिविटी, उनके कार्यक्रमों में शामिल होकर सुरक्षा में संभावित कमियों का पता लगाने का काम सौंपा गया था.

अधिकारियों को शुरुआती जांच में पता चला है कि मंडल कथित तौर पर उन कई कार्यक्रमों में शामिल हुआ था, जिनमें मुख्यमंत्री मौजूद थे और उसने चिनार पार्क स्थित मुख्यमंत्री के आवास की भी रेकी की थी.

Advertisement

'आरोपी ने कबूली रेकी की बात'

STF के वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी को बताया, 'पूछताछ के शुरुआती दौर में आरोपी ने उस इलाके में जाने से इनकार किया था. हालांकि, मोबाइल टावर लोकेशन एनालिसिस समेत तकनीकी सबूतों से वहां उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है. जब उसे सबूत दिखाए गए तो उसने रेकी करने की बात कबूल कर ली.'

जांच के दायरे में नबन्ना की सुरक्षा व्यवस्था

जांचकर्ता इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या मंडल और उसके साथियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में संभावित कमियों का पता लगाने के लिए राज्य सचिवालय 'नबन्ना' की रेकी की है.

अधिकारी ने कहा, 'हम नबन्ना के आसपास उनकी एक्टिविटियों की पुष्टि के लिए CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच कर रहे हैं. हर सुराग की बारीकी से जांच की जा रही है और इस चरण में किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा रहा है.'

Advertisement

शहजाद भट्टी और ISI का कनेक्शन

जांचकर्ताओं को शक है कि मंडल ने लंबे वक्त तक निगरानी रखने के लिए मुख्यमंत्री के आवास के पास किराए पर घर लेने की संभावना तलाशी थी. हालांकि, अभी ये पता नहीं चल पाया है कि क्या सच में उसने कोई घर किराए पर लिया था या नहीं.

STF ने आरोप लगाया कि मंडल के ISI और पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा चलाए जा रहे नेटवर्क से सीधे संबंध थे.

अधिकारी ने कहा, 'जांच में आरोपियों के सीमा-पार संबंधों का पता चला है. हम पूरी साजिश का पता लगाने के लिए डिजिटल सबूतों, वित्तीय लेन-देन और बातचीत के रिकॉर्ड की पुष्टि कर रहे हैं. जांच अभी अहम चरण में है.'

हनीट्रैप का इस्तेमाल

STF ने आरोप लगाया कि सरकार को प्रभावशाली राजनेताओं और वरिष्ठ नौकरशाहों से संपर्क बनाने और गोपनीय जानकारी इकट्ठा करने के लिए हनीट्रैप ऑपरेटिव की भूमिका सौंपी गई थी.

जांचकर्ताओं को शक है कि कथित मॉड्यूल का मकसद राज्य में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए बड़ी तोड़फोड़ की घटना को अंजाम देना था, जिसमें मुख्यमंत्री कथित तौर पर उनके मुख्य टारगेटों में से एक थे. नबन्ना के एक वरिष्ठ नौकरशाह ने बताया कि इन खुलासों के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

STF इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या भट्टी या पाकिस्तान समर्थित अन्य ऑपरेटिव्स से जुड़ा कोई अन्य नेटवर्क पश्चिम बंगाल में सक्रिय है और क्या स्थानीय मददगारों या स्लीपर सेल्स ने इस कथित साजिश में लॉजिस्टिकल मदद दी थी.

STF अधिकारी ने कहा, 'हम मॉड्यूल से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रहे हैं और ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसमें कोई स्लीपर सेल या स्थानीय मददगार शामिल थे.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »