कोलकाता में धरने पर बैठीं पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने हुंकार भरी है. ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जोरदार हमला करते हुए कहा है कि मैं तब तक नहीं मरूंगी जब तक तुम लोगों को हटाऊंगी नहीं. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद अपनी पहली सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि या तो हम लड़ेंगे या मरेंगे.
ममता ने कहा कि BJP अध्यक्ष मुझे कई बार फोन करके मदद मांगते थे. लेकिन मैंने यह बात कभी मीडिया को नहीं बताई. BJP को छोड़कर बाकी सभी राजनीतिक पार्टियों के साथ मेरे अच्छे संबंध हैं. लेकिन जब भी BJP ने मदद मांगी, मैंने उनकी मदद की; उनके बुरे दिनों में मैंने उनका साथ दिय. मैंने तो उन्हें खुद फ़ोन भी किया था. मैं यहीं हूं और यहीं रहूंगी. जब तक मैं ज़िंदा हूं, एक बहादुर की तरह लड़ूंगी.
कोलकाता के वाई चैनल पर धरना दे रहीं ममता ने टीएमसी की बैठकों से गायब विधायकों की ओर इशारा करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि जो हमसे गद्दारी कर रहे हैं हम उनसे कहेंगे कि ईश्वर अल्ला तेरे नाम सबको सम्मति दे भगवान.
पार्टी नेता और अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अगर उस दिन पत्थर अभिषेक के सिर पर लगा होता, तो उसकी मौके पर ही मौत हो सकती थी!
पूर्व सीएम ने मौजूदा सीएम शुभेंदु अधिकारी पर भी तंज कसा और कहा कि अभी बीजेपी के पुराने लोगों के पास पावर नहीं है बल्कि दूसरी पार्टी से आए लोगों के पास पावर है.
ममता बनर्जी ने कहा कि जहां-जहां मनीषियों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां-वहां कार्यकर्ता माल्यार्पण करें, मैं भी मनीषियों को माल्यार्पण करने निकलूंगी. उन्होंने कहा कि पुलिस यहां लोगों को आने नहीं दे रही है. लोगों को यहां आने दें वर्ना कोलकाता पुलिस मुख्यालय का घेराव किया जाएगा.पुलिस TMC कार्यकर्ताओं को प्रदर्शनों में हिस्सा न लेने की धमकी दे रही है, लेकिन मैं विरोध प्रदर्शन जारी रखूंगी.
पूर्व सीएम ने अपने संबोधन में विधानसभा चुनाव का जिक्र किया और कहा कि बंगाल चुनाव जीतने के लिए BJP ने 294 में से 177 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती में धांधली की.
पार्टी नेताओं पर हमले के विरोध में धरना
ममता बनर्जी आज कोलकाता के रानी रासमणि रोड के वाई चैनल पर धरना दे रही हैं. तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के बाद उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले हुए हैं, खासकर सांसद अभिषेक और अन्य नेताओं को निशाना बनाया गया. ममता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी को तोड़ने और नेताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है.
ममता के धरने से अधिकतर विधायक-सांसद गायब
आज ममता बनर्जी के साथ धरने में विधायकों में चंद्रिमा भट्टाचार्य, सोभनदेव चट्टोपाध्याय, नान्या बंदोपाध्याय, मदन मित्रा, अशोक देब, असीमा पात्रा शामिल हैं. जबकि सांसदों में डोला सेन, कल्याण बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन धरने पर हैं.
अनुपम मिश्रा / इंद्रजीत कुंडू