उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद राज्य का सियासी तापमान बढ़ गया है. इन चुनाव परिणामों में भले ही भारतीय जनता पार्टी अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने में सफल रही हो, लेकिन समाजवादी पार्टी ने वाराणसी और आगरा जैसे महत्वपूर्ण गढ़ों में सेंध लगाकर सभी को चौंका दिया है. वाराणसी शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने बड़ी जीत दर्ज की है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.