उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बेहद सख्त रुख अपना रहे हैं. वे पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुटबाजी को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं. हाल ही में कन्नौज में आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान यह सख्ती देखने को मिली. इस कार्यक्रम में मंच पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, लेकिन जनसभा में जनता और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति बेहद निराशाजनक रही. सभागार में खाली पड़ी कुर्सियों को देखकर अखिलेश यादव का गुस्सा भड़क उठा. लखनऊ पहुंचते ही उन्होंने तत्काल प्रभाव से कन्नौज की पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया. कन्नौज के जिला अध्यक्ष कलीम खान और उनकी पूरी टीम को पदमुक्त कर दिया गया है.