Moradabad: पत्नी को भतीजे से हुआ प्यार, पति को करंट देकर तड़पाया; फिर जहर खिलाकर सीढ़ियों से नीचे फेंका

मुरादाबाद में पत्नी ने प्रेमी बने भतीजे, बहन और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति पवन की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक पहले पवन को बांधकर पीटा गया, फिर बिजली का करंट और जहर देकर मार डाला गया. हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव सीढ़ियों से नीचे फेंका गया. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
मुरादाबाद पत्नी को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है (Photo: ITG) मुरादाबाद पत्नी को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है (Photo: ITG)

जगत गौतम

  • मुरादाबाद ,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:18 PM IST

मुरादाबाद में सामने आई एक खौफनाक वारदात ने रिश्तों, भरोसे और परिवार की परिभाषा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. छह साल पहले जिस घर में सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत हुई थी, वहीं अब हत्या, धोखा और साजिश की कहानी सामने आई है. आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी बने भतीजे, बहन और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति को इतनी दर्दनाक मौत दी कि सुनने वालों की भी रूह कांप जाए.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक यह कोई अचानक हुआ गुस्सा नहीं था, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ रची गई साजिश थी. पहले पति को बंधक बनाया गया, फिर बेरहमी से पीटा गया, बिजली के करंट दिए गए और आखिर में जहर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया गया. इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को सीढ़ियों से नीचे फेंक दिया गया.

आधी रात का शोर और फिर फैली मौत की खबर

घटना मझोला थाना क्षेत्र के ढक्का इलाके की है. पड़ोसियों के मुताबिक रात में घर के अंदर कुछ हलचल जरूर महसूस हुई थी, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया कि अंदर इतनी बड़ी वारदात हो रही है. कुछ देर बाद अचानक खबर फैली कि पवन ने जहर खाकर जान दे दी और सीढ़ियों से गिर गया. घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी. परिवार वाले रोते-बिलखते दिखाई दिए, लेकिन पुलिस को शुरुआती घटनाक्रम में ही कुछ गड़बड़ी महसूस हुई. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पवन के शरीर पर चोटों के कई निशान दिखाई दिए. मामला सिर्फ गिरने का नहीं लग रहा था. पोस्टमार्टम और शुरुआती जांच ने पूरे केस को पलट कर रख दिया.

Advertisement

छह साल पहले हुई थी शादी

मृतक पवन की शादी करीब छह साल पहले आंचल से हुई थी. दोनों की तीन साल की एक बेटी भी है. आसपास के लोगों के मुताबिक शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा था. जांच में सामने आया कि आंचल का अपने ही रिश्ते के भतीजे अंकित के साथ प्रेम संबंध हो गया था. दोनों की नजदीकियां इतनी बढ़ गई थीं कि पवन को भी शक होने लगा था. घर के अंदर अक्सर झगड़े होने लगे. पवन ने कई बार विरोध किया, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते चले गए.

मौत से पहले 3 घंटे तक तड़पता रहा पवन

पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. आरोप है कि वारदात वाले दिन चारों आरोपियों ने मिलकर पवन को रास्ते से हटाने का फैसला किया. पुलिस के मुताबिक पहले उसे जहर देने की कोशिश की गई. जब उसने विरोध किया तो उसे बांधकर बेरहमी से पीटा गया. इसके बाद बिजली के तारों से करंट दिया गया. करीब तीन घंटे तक पवन दर्द से तड़पता रहा. हालत बिगड़ने पर आरोपियों ने उसे दोबारा जहर पिलाया. जब उसकी मौत हो गई तो चारों ने मिलकर पूरी कहानी को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार शव को सीढ़ियों से नीचे धक्का दिया गया ताकि लोगों को लगे कि जहर खाने के बाद गिरने से उसकी मौत हुई है.

Advertisement

बहन और उसका बॉयफ्रेंड भी बने साजिश का हिस्सा

इस केस में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या की साजिश में आंचल की बहन शिखा और उसके बॉयफ्रेंड अजय का नाम भी सामने आया. जांच में पता चला कि वारदात से चार दिन पहले ही शिखा घर में आकर रहने लगी थी. पुलिस को शक है कि उसी दौरान हत्या की पूरी योजना तैयार की गई. वारदात वाले दिन चारों आरोपी घर के अंदर मौजूद थे. पुलिस का मानना है कि अगर सभी ने मिलकर पवन को नहीं पकड़ा होता तो इतनी देर तक उसे काबू में रखना आसान नहीं था.

पवन को पहले से था खतरे का अंदेशा

मृतक के परिवार ने पुलिस को बताया कि पवन को पहले से अपनी जान का डर था. परिजनों के मुताबिक करीब तीन महीने पहले उसने अपनी बहन को फोन कर कहा था कि घर के हालात ठीक नहीं हैं और उसे किसी बड़ी साजिश का डर है. हालांकि उस वक्त परिवार ने इसे घरेलू विवाद समझकर ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया. अब परिवार को अफसोस है कि अगर उस समय बात पर ध्यान दिया गया होता तो शायद पवन की जान बच सकती थी.

पुलिस को कैसे हुआ शक?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती बयान और घटनास्थल की स्थिति मेल नहीं खा रही थी. अगर कोई व्यक्ति जहर खाकर गिरता है तो शरीर पर वैसी चोटें नहीं आतीं जैसी पवन के शरीर पर थीं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मारपीट और अन्य चोटों के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान आरोपियों के बयान बार-बार बदल रहे थे. मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने भी पुलिस के शक को मजबूत किया. इसके बाद जब सख्ती से पूछताछ हुई तो पूरी साजिश सामने आ गई.

Advertisement

चारों आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल ने बताया कि थाना मझोला क्षेत्र में हत्या की सूचना मिली थी. जांच में सामने आया कि पवन की हत्या उसकी पत्नी आंचल, प्रेमी अंकित, बहन शिखा और उसके बॉयफ्रेंड अजय ने मिलकर की थी. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. लोग इस बात पर हैरान हैं कि एक पत्नी अपने ही पति की हत्या की साजिश में इस हद तक कैसे शामिल हो सकती है. स्थानीय लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि जिस रिश्ते को परिवार का हिस्सा माना जाता है, वही रिश्ता इस वारदात की वजह बन गया. 

छोटी बच्ची के सिर से उठ गया पिता का साया

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा पवन की तीन साल की बेटी को लेकर भी हो रही है. जिस उम्र में बच्चों को मां-बाप दोनों का साथ चाहिए होता है, उसी उम्र में बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया और मां जेल पहुंच गई. परिवार वालों का कहना है कि अब सबसे बड़ी चिंता बच्ची के भविष्य को लेकर है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है. मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और घटनास्थल से मिले अन्य सबूतों की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement