उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के पहले दिन नकल और तकनीक के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है. परीक्षा के दौरान गाजियाबाद में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए पेपर हल करने के संदेह में 21 अभ्यर्थियों को जांच के दायरे में रखा गया है.
आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को दूसरी पाली में गाजियाबाद में पवन कुमार शर्मा को पकड़ा गया. वह रजनेश शर्मा के स्थान पर परीक्षा दे रहा था. इस मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में वकीलों के चैंबर पर चला बुलडोजर, भारी फोर्स तैनात- VIDEO
इसके अलावा, परीक्षा की दोनों पालियों में AI के कथित इस्तेमाल को लेकर संदिग्ध अभ्यर्थियों की पहचान की गई है. पहली पाली में 14 और दूसरी पाली में 7 अभ्यर्थियों को संदिग्ध चिह्नित किया गया है. इस तरह कुल 21 अभ्यर्थी जांच के दायरे में हैं.
AI के इस्तेमाल के संदेह में 21 अभ्यर्थियों की पड़ताल
आयोग के अनुसार, इन सभी संदिग्ध अभ्यर्थियों के मामलों की गहन जांच की जा रही है. फिलहाल AI के जरिए पेपर हल करने का संदेह सामने आया है, लेकिन आरोपों की पुष्टि होना बाकी है.
जांच में संदेह की पुष्टि होने पर संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पहले दिन एक सॉल्वर की गिरफ्तारी और 21 अभ्यर्थियों को संदिग्ध चिह्नित किए जाने के बाद परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल को लेकर जांच जारी है.
संतोष शर्मा