उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में देर रात आए तेज तूफान के दौरान बेतवा नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया. जो पुल लोगों की आवाजाही के लिए बनाया जा रहा था, वही पुल लोगों की मौत का सबब बन गया. इस हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत हो गई है और कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की भी आशंका हैं.
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. मलबे में कई लोग फंसे हैं और ऐसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
हमीरपुर में मोरा कांडर और कुरारा इलाके को आपस में जोड़ने के लिए एक नए पुल का निर्माण किया जा रहा है. देर रात इलाके में अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया. इसी दौरान निर्माणाधीन पुल की एक भारी-भरकम स्लैब अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई.
हमीरपुर के ASP अरविंद कुमार वर्मा ने इस हादसे का ब्योरा दिया. ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कल रात करीब 2 बजे हमें सूचना मिली कि एक स्लैब गिर गया है और कुछ लोग उसके नीचे फंसे हुए हैं, जिसके बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे. SDRF यहां है और बचाव अभियान चल रहा है.'
मृतकों के परिवार के लिए 5-5 लाख रुपए मुआवजे का ऐलान
हमीरपुर में गिरे इस पुल मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख जाहिर किया. सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत और बचावकार्य तेज करने का दिया निर्देश भी दिया. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया. वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी.
2 करोड़ का मुआवजा, सीबीआई जांच की मांग
समाजवादी पार्टी के नेता आई.पी सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे का वीडियो शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने लिखा, 'यूपी हमीरपुर भ्र्ष्टाचार और कमीशनखोरी ने 6 मजदूरों की जान ले ली. निर्माणाधीन पुल गिरा. यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर परसनी में निर्माणाधीन 900 मीटर लंबे पुल का एक हिस्सा रात में तड़के 3 बजे ढहने से मलबे में दबकर गरीब 6 मजदूरों की मौत हो गई है. योगी सरकार मजदूरों के परिजनों को दो दो करोड़ रुपये की मदद करे. और कमीशन खोरी की CBI से जांच हो.'
बिहार के भागलपुर में भी गिरा था पुल
बता दें कि कुछ समय पहले बिहार के भागलपुर में भी एक पुल गिर गया था. यहां गंगा नदी पर बना विक्रमशिला ब्रिज का एक हिस्सा अचानक टूटकर नदी में गिर गया. हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद अधिकारियों ने तेजी से एक्शन लेते हुए लोगों को वहां से हटा लिया था. ऐसे में इस हादसे में न तो किसी की मौत हुई थी और न कोई घायल हुआ था.
यह भी पढ़ें: बिहार में फिर गिरा पुल... भागलपुर में विक्रमशिला ब्रिज का हिस्सा गंगा में समाया
वहीं, जम्मू जिले के बंतलाब क्षेत्र में भी 1 मई को एक निर्माणाधीन पुल का पिलर गिर गया था. इस हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई थी और कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
नाहिद अंसारी / समर्थ श्रीवास्तव