सेंट्रल नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस को दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करने में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो गैंग से जुड़े कुल सात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन, भारी मात्रा में कॉपर वायर और वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू बरामद किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाएं सूरजपुर थाना क्षेत्र की हैं और आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की.
यह भी पढ़ें: 'साहब! बचा लो वरना डूब जाऊंगा', युवराज हादसे के खौफ में दौड़ी नोएडा पुलिस, सच देख घूम गया सिर!
रिश्तेदारी का भरोसा तोड़कर की चोरी
पहली घटना में आरोपियों ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. पुलिस के अनुसार, चोरों ने अपनी ही सगी मौसी को बातचीत में उलझा लिया और मौका मिलते ही घर में रखी लाखों रुपये की सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए. शुरुआत में परिजनों को चोरी का अंदेशा भी नहीं हुआ, लेकिन जांच के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने रिश्तेदारी का फायदा उठाकर घर में आसानी से प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया. बाद में चोरी के सामान को ठिकाने लगाने की तैयारी भी कर ली थी.
इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर उड़ाया माल
दूसरे मामले में चोरों ने सूरजपुर क्षेत्र की एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाया. देर रात दुकान का ताला तोड़कर आरोपी अंदर घुसे और वहां रखे महंगे कॉपर वायर चोरी कर ले गए. सुबह दुकान मालिक को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, स्थानीय सूचना और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
मौज-मस्ती के लिए करते थे चोरी
सेंट्रल नोएडा के ADCP स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी शातिर प्रवृत्ति के हैं. शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अपनी सुख-सुविधाओं और मौज-मस्ती के खर्च पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है. यह भी जांच की जा रही है कि वे पहले भी अन्य जिलों या क्षेत्रों में ऐसी घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं.
घेराबंदी कर दबोचे गए सातों आरोपी
सूरजपुर थाना पुलिस ने दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़ते हुए सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी की और सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया है. सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित साथियों और चोरी के पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है.
अरुण त्यागी