उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक कलयुगी बेटे बहाल सिंह ने वन विभाग से 5 लाख रुपये का मुआवजा हड़पने के लिए अपनी मां बीरो देवी की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना सोमवार को उस समय हुई जब महिला अपने बेटे के साथ खेत में चारा लेने गई थी. हत्या के बाद आरोपी ने शोर मचाकर दावा किया कि उसकी मां पर गुलदार ने हमला किया है और उसने बचाने के लिए गुलदार से संघर्ष भी किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर हमले के कोई निशान नहीं मिले और मौत का कारण गला घुटना आया, जिससे इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया. हीमपुर दीपा पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है.
गुलदार के हमले का शोर मचाकर जुटा ली भीड़
खेत में घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटे बहाल सिंह ने गांव में शोर मचाया कि उसकी मां को गुलदार ने मार डाला है. शोर सुनते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. गुस्साए लोगों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा शुरू कर दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके में लगातार दिख रहे गुलदार को पकड़ने के लिए विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है.
5 लाख के मुआवजे का आश्वासन मिलने पर उठी लाश
हंगामे के दौरान आरोपी बेटे ने अधिकारियों और ग्रामीणों के सामने झूठ बोला कि उसने अपनी मां को बचाने के लिए गुलदार से संघर्ष किया था. ग्रामीणों ने तब तक शव नहीं उठने दिया जब तक वन अधिकारियों ने 5 लाख रुपये का मुआवजा देने का लिखित आश्वासन नहीं दिया. अधिकारियों से लिखित पत्र मिलने के बाद ही पुलिस शव को रात में पोस्टमार्टम के लिए ले जा सकी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला झूठी कहानी का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही पुलिस और वन विभाग के होश उड़ गए. रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से हुई है और उनके शरीर पर गुलदार के हमले का एक भी निशान नहीं है. जांच में सामने आया कि आरोपी 5 लाख रुपये का मुआवजा पाने के लिए यह ड्रामा कर रहा था.
संजीव शर्मा