एक एनकाउंटर और भड़का गांव, पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने, महिलाओं पर भी बरसीं लाठियां, जानें पूरा मामला

शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में 1 साल की बच्ची से दुष्कर्म प्रयास के आरोपी गुड्डू के एनकाउंटर को लेकर ग्रामीणों ने चांदपुर पुलिस चौकी पर भारी हंगामा किया. ग्रामीणों ने फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया. भीड़ उग्र होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ मच गई. स्थिति को बाद में भारी पुलिस बल ने नियंत्रित किया.

Advertisement
भीड़ के उग्र होते ही पुलिस ने किया लाठीचार्ज. (Photo: Screengrab) भीड़ के उग्र होते ही पुलिस ने किया लाठीचार्ज. (Photo: Screengrab)

विनय पांडेय

  • शाहजहांपुर,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:17 PM IST

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक साल की बच्ची से दुष्कर्म प्रयास के आरोपी के एनकाउंटर को लेकर बड़ा बवाल हो गया. मामला खुटार थाना क्षेत्र के चांदपुर पुलिस चौकी का है, जहां गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. यह पूरा विवाद दो दिन पहले हुए एनकाउंटर से जुड़ा है. पुलिस ने आरोपी गुड्डू के पैरों में गोली मारकर उसे घायल किया था. इसके बाद से ही इलाके में तनाव बना हुआ था. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर कार्रवाई की है.

Advertisement

गुरुवार को गांव की महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में चांदपुर चौकी पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी की. देखते ही देखते भीड़ बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. ग्रामीणों ने चौकी को घेर लिया और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे.

एनकाउंटर को लेकर भड़का विवाद

इसी दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कई महिलाएं भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल थीं और पुलिस से भिड़ती नजर आईं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी गुड्डू को उन्होंने खुद पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. उनका आरोप है कि उसके बावजूद पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर उसे गोली मारी. इसी बात को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ता गया.

Advertisement

बाइट- तारा देवी ने कहा कि वह व्यक्ति कुछ नहीं जानता था. वह सब्जी काटने की छुरी तक ठीक से नहीं चला सकता तो तमंचा कैसे चला सकता है. घटना के बाद हालात को काबू में करने के लिए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है.

ग्राम प्रधान पर भीड़ भड़काने का आरोप

एसपी ग्रामीण दीक्षा भवरे ने बताया कि 9 तारीख को गुड्डू शर्मा नाम के आरोपी को 1 साल की बच्ची से दुष्कर्म प्रयास के मामले में खुटार पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इसके बाद 11 तारीख को कुछ लोगों और एक ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीणों को भड़काकर चांदपुर चौकी पर नारेबाजी कराई गई. भीड़ उग्र होने पर हल्का बल प्रयोग कर उसे तितर-बितर किया गया. साथ ही उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »