प्रयागराज: महाकुंभ में भंडारे के लिए तैयार हो रहा था खाना, पुलिस अफसर ने उसमें झोंक दी राख, अब हुआ एक्शन

महाकुंभ मेला के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने भंडारे के खाने में राख मिला दी. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है. महाकुंभ मेला में करोड़ों की संख्या में तीर्थयात्री आ रहे हैं. ऐसे में कई जगहों पर समूह और संगठन रसोई चलाकर भंडारे का आयोजन कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को भोजन कराया जा सके.

Advertisement
भंडारे के लिए तैयार हो रहे खाने में मिला दी राख. (Screengrab) भंडारे के लिए तैयार हो रहे खाने में मिला दी राख. (Screengrab)

aajtak.in

  • प्रयागराज,
  • 31 जनवरी 2025,
  • अपडेटेड 8:46 AM IST

UP News: महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं के लिए आयोजित भंडारे में परोसे जाने वाले भोजन में एक पुलिस अफसर ने राख मिला दी. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया. इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर शिकायत की गई थी. घटना का वीडियो सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी शेयर किया है.

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद सोरांव के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) बृजेश कुमार तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है. जो वीडियो वायरल हुआ, उसमें देखा जा सकता है कि पुलिस अधिकारी ने चूल्हे पर तैयार किए जा रहे भोजन में राख मिला दी. एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डीसीपी गंगा नगर के अकाउंट को टैग करते हुए वीडियो शेयर किया और इस मामले को लेकर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

यह भी पढ़ें: मौनी अमावस्या हादसे से सबक, बसंत पंचमी पर अगले अमृत स्नान से पहले महाकुंभ में हुए पांच सुधार

इसके जवाब में डीसीपी गंगा नगर के आधिकारिक अकाउंट से रिप्लाई दिया गया कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) ने एसीपी सोरांव की रिपोर्ट के आधार पर सोरांव एसएचओ को निलंबित कर दिया है. विभागीय कार्रवाई चल रही है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया.

Advertisement

अखिलेश यादव ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाकुंभ में फंसे लोगों को भोजन और पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने वालों के प्रयासों को राजनीतिक द्वेष के कारण विफल किया जा रहा है. लोगों को इस पर ध्यान देना चाहिए. प्रयागराज में महाकुंभ में कई लोगों, समूहों और संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त या किफायती भोजन उपलब्ध कराने के लिए रसोई चला रखी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »