गैलनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच गए... प्रयागराज में तेल के लिए मारामारी! पंपों पर पुलिस फोर्स तैनात

संगम नगरी प्रयागराज में पेट्रोल-डीजल की कमी और लॉकडाउन लगने की अफवाह ने सनसनी फैला दी. धूमनगंज समेत शहर के कई पेट्रोल पंपों पर देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं. लोग गैलन और डिब्बों में तेल भरवाते नजर आए, जिसके बाद प्रशासन को सामने आकर स्पष्टीकरण देना पड़ा.

Advertisement
प्रयागराज में पेट्रोल के लिए मारामारी (Photo- Screengrab) प्रयागराज में पेट्रोल के लिए मारामारी (Photo- Screengrab)

आनंद राज / पंकज श्रीवास्तव

  • प्रयागराज ,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:23 AM IST

प्रयागराज में मंगलवार रात पेट्रोल और डीजल की किल्लत की अफवाह फैलने से अफरातफरी मच गई. धूमनगंज स्थित पेट्रोल पंपों पर रात 11 बजे भी लोगों की भारी भीड़ जमा रही. स्थानीय निवासियों के बीच यह खबर फैल गई कि एलपीजी के बाद अब ईंधन की कमी होने वाली है और जल्द ही लॉकडाउन लग जाएगा. इस डर से लोग अपनी गाड़ियों और बड़े-बड़े गैलनों में तेल भरवाने पहुंच गए. कोई टंकी में तेल लेने आया तो कोई ड्रम में. स्थिति बेकाबू होते देख कई पेट्रोल पंप मालिकों ने अपनी टंकियां बंद कर दीं. जिला प्रशासन और पूर्ति अधिकारी ने वीडियो जारी कर इस अफवाह को पूरी तरह निराधार बताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

Advertisement

पंपों पर हंगामा और पुलिस की एंट्री

अफवाह के कारण सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही. अनमोल त्रिपाठी नामक युवक ने बताया कि लंबी लाइनों के कारण लोग परेशान हैं. जब कुछ पंपों पर तेल खत्म हुआ, तो कर्मचारियों और जनता के बीच तीखी नोकझोंक हुई. लोगों का आरोप था कि स्टॉक होने के बावजूद तेल नहीं दिया जा रहा है, जबकि कर्मचारी टैंकर आने का इंतजार कर रहे थे. मामला इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने 112 डायल कर पुलिस बुला ली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को सूचित किया.

सुबह टंकी बंद होने से पसरा सन्नाटा

प्रशासन की अपील: भ्रम न फैलाएं 

भीड़ और तनाव को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है. उन्होंने साफ कहा कि प्रयागराज में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और तेल की किल्लत की बातें महज अफवाह हैं. जिलाधिकारी ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं. प्रशासन का कहना है कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है और घबराने की जरूरत नहीं है. हालांकि, इन अपीलों के बावजूद कई इलाकों में लोग अब भी डर के मारे पंपों पर कतारें लगाए खड़े हैं.

Advertisement

अफवाह का बाजार और हकीकत

प्रयागराज के कई इलाकों में कल से ही ईंधन की खपत कम होने की खबरें तैर रही थीं. इसी बीच लॉकडाउन की चर्चा ने आग में घी डालने का काम किया. लोग दूर-दराज के पंपों पर भी अपनी किस्मत आजमाने पहुंच रहे हैं. पंप मालिकों का कहना है कि जैसे ही नया टैंकर आएगा, बिक्री सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी. फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कानून-व्यवस्था न बिगड़े और सभी को सुचारू रूप से ईंधन मिलता रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »