Uttar Pradesh News: गाजीपुर पुलिस ने 1 जून से 5 जून तक चले विशेष 'ऑपरेशन वज्रपात' के माध्यम से सोशल मीडिया गैंगस्टरों पर बड़ा प्रहार किया. पुलिस ने जिले में फेसबुक लाइव और इंस्टाग्राम रील्स के जरिए दहशत फैलाने वाले 49 गैंगों को चिन्हित किया, जिनमें 401 अपराधी रडार पर लिए गए हैं. इस पांच दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने 39 मुकदमे दर्ज किए और 11 बदमाशों को गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई उन युवाओं के खिलाफ की गई जो अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दबंगई दिखाते थे और स्थानीय विवादों में हस्तक्षेप कर माहौल बिगाड़ रहे थे.
कटरा और महाकाल गैंग पर पुलिस की पैनी नजर
एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि कटरा गैंग, महाकाल गैंग, 315 गैंग और फरसा गैंग जैसे अपराधी गिरोहों ने सोशल मीडिया को अपराध के प्रदर्शन का जरिया बना लिया था. हाल ही में 29 मई को होटल व्यवसायी विनीत राय की हत्या में कटरा गैंग का नाम सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है. ये गैंग कई बाइकों पर घूमकर और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो डालकर युवाओं में डर पैदा करते थे.
युवाओं और किशोरों को सुधारने की आखिरी चेतावनी
चिन्हित किए गए गैंग के सदस्यों की उम्र महज 16 से 25 साल के बीच है. पुलिस ने साफ किया है कि इन किशोरों और युवाओं के परिजनों से संपर्क कर उनकी गतिविधियों की शिकायत की जाएगी. एसपी का स्पष्ट संदेश है कि यदि परिजनों के समझाने के बाद भी ये युवक नहीं सुधरे, तो पुलिस इनके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करेगी. सोशल मीडिया पर रील बनाना अपराध नहीं है, लेकिन अपराध का प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
ऑपरेशन वज्रपात के तहत बड़ी कार्रवाई
पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में शुरू हुए इस अभियान के तहत गैंग लीडरों और सदस्यों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है. पुलिस की पैनी नजर उन आईडी पर है जो गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा दे रही हैं. पुलिस का लक्ष्य जिले में शांति व्यवस्था कायम रखना और उन लोगों के मन में खौफ पैदा करना है जो तकनीक का इस्तेमाल अपराध और दहशत फैलाने के लिए कर रहे हैं.
विनय कुमार सिंह