दिवाली पर हर कोई अपने परिवार के साथ त्योहार मनाना चाहता है. इसके लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों के लिए निकल रहे हैं. लेकिन ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दरअसल, यहां बसों का इंतजार कर रहे लोगों की लंबी कतारें लगी हैं. कई यात्री तीन से चार घंटे तक इंतजार करने के बाद भी अपने घर जाने के लिए बस नहीं पकड़ पा रहे हैं.
शुक्रवार को जीरो पॉइंट पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई. यहां आगरा, लखनऊ, देवरिया और बिहार के पटना समेत कई शहरों के लिए लोग बसों का इंतजार कर रहे हैं. बसों की कमी के कारण लोगों को काफी देर तक सड़क पर ही रुकना पड़ रहा है. हालात ऐसे हैं कि कई परिवार खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर हैं.
ऑनलाइन टिकट बुक, फिर भी नहीं पहुंची बस
यात्रियों का कहना है कि कई लोगों ने पहले से ऑनलाइन टिकट बुक कराई थी. इसके बावजूद बसें तय समय पर नहीं पहुंचीं. इस वजह से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. भीड़ इतनी ज्यादा है कि यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है. छोटे बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है. कई लोग सड़क किनारे बैठकर बस आने का इंतजार कर रहे हैं.
यात्रियों ने निजी बस संचालकों और ट्रैवल एजेंसियों पर मनमाना किराया वसूलने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि दिवाली के मौके पर सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुना तक किराया मांगा जा रहा है. कुछ यात्रियों का आरोप है कि ज्यादा पैसे देने से मना करने पर उन्हें बस में बैठाने से इनकार किया जा रहा है. इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.
हर साल त्योहार पर बनते हैं ऐसे हालात
जीरो पॉइंट पर मौजूद यात्रियों का कहना है कि दिवाली और दूसरे बड़े त्योहारों पर हर साल ऐसी स्थिति बनती है. बसों की कमी के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है. उनका कहना है कि त्योहार के समय यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. इसके बावजूद पर्याप्त बसों का इंतजाम नहीं किया जाता.
यह भी पढ़ें: दिवाली की खरीदारी या लोगों के लिए मुसीबत? गाजीपुर मंडी के पास हाईवे पर लगा 5 किमी लंंबा जाम
लोगों की मांग है कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त बसें चलाई जाएं. साथ ही किराए पर भी निगरानी रखी जाए. ताकि यात्रियों से मनमाना पैसा न वसूला जाए. फिलहाल घर पहुंचने की जल्दी में हजारों लोग बसों के इंतजार में परेशान हैं.
अरुण त्यागी