कर्नाटक संगीत के महान साधक मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के मौके पर मंगलवार को वाराणसी में उन्हें खास अंदाज में श्रद्धांजलि दी गई. आईआईटी बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित समारोह में केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने उनके सम्मान में जारी 250 रुपये के स्मारक सिक्के का लोकार्पण किया. इस दौरान दीक्षितर के जीवन, दर्शन और संगीत साधना पर आधारित पुस्तक ‘अमर गुरुगुहम् पोट्रुवाम्’ का भी विमोचन किया गया.
आईआईटी बीएचयू के भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्कूली बच्चों को संबोधित किया. उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा और उसमें मुत्तुस्वामी दीक्षितर के योगदान के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने दीक्षितर की वीणा की विशिष्टताओं के साथ काशी से उनके गहरे जुड़ाव और यहां उनके निवास का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है.कार्यक्रम में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने अतिथियों का स्वागत किया. वहीं, आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने मुत्तुस्वामी दीक्षितर के संगीत योगदान और कर्नाटक संगीत की त्रिमूर्ति में उनके विशिष्ट स्थान पर प्रकाश डाला.
सुरेंद्र कुमार गुप्ता