उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां होली मनाने के लिए गुरुग्राम से मां के पास आए जुड़वा भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. जिसके बाद भाई ने बहन पर चाकू से वार कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. वहीं आरोपी ने अपनी मां पर भी हमला कर दिया. जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई. फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आरोपी अभी भी है फरार
घटना मझोला थाना क्षेत्र की बुद्धि विहार कॉलोनी की है. यहां रहने वाली नीलिमा एक हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती हैं. उनके जुड़वा बेटे हार्दिक और बेटी हिमा शिखा गुरुग्राम में एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं. दोनें वहीं साथ रहते हैं. दोनों होली मनाने के लिए मुरादाबाद अपने घर आए थे और शुक्रवार को वापस गुरुग्राम जाने की तैयारी कर रहे थे.
यह भी पढ़ें: पत्रकार राम चंदर मर्डर केस में गुरमीत राम रहीम को बड़ी राहत, पंजाब-हरियाणा HC ने किया बरी
बताया जा रहा है कि होली की छुट्टियों के बाद मां नीलिमा अपने ऑफिस चली गई थीं, जबकि घर पर हार्दिक और हिमा शिखा मौजूद थे. इसी दौरान हार्दिक ने अचानक अपनी बहन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ी. इसके बाद हार्दिक अपनी मां के ऑफिस पहुंचा और किसी बहाने से उन्हें घर ले आया. जैसे ही मां घर के अंदर पहुंचीं और बेटी को खून से लथपथ देखा तो उनकी चीख निकल पड़ी. तभी हार्दिक ने मां पर भी चाकू से कई वार कर दिए और कार लेकर मौके से फरार हो गया.
मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर दंग रह गए. आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर मां-बेटी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमा शिखा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मां नीलिमा का इलाज जारी है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी हार्दिक की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं.
पुलिस ने क्या कहा?
एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने किसी बात को लेकर अपनी बहन और मां पर हमला किया था. बहन को कई जगह गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि मां का अस्पताल में इलाज चल रहा है. आरोपी कार लेकर फरार हो गया है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं.
जगत गौतम