उत्तर प्रदेश में संत रविदास नगर की पहचान एक बार फिर बहाल कर दी गई है. योगी सरकार के इस फैसले पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार का आभार जताया है. मायावती ने कहा कि संत रविदास के नाम पर जिले की पहचान बनाए रखने का यह फैसला स्वागत योग्य है. उन्होंने इसे संत रविदास के अनुयायियों और बहुजन समाज की भावनाओं का सम्मान बताया है.
मायावती ने अपने बयान में पुरानी बातों को भी याद दिलाया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान इस जिले का नाम बदलकर भदोही कर दिया गया था. उन्होंने बताया कि उस समय भी कई बार यह मुद्दा उठाया गया था और लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी.
मायावती के मुताबिक, संत रविदास से जुड़े लोगों की भावनाएं इस नाम बदलाव से लगातार जुड़ी रही हैं. अब सरकार ने संत रविदास नगर का नाम फिर से बहाल कर दिया है. मायावती ने इसे एक बड़ा और सही कदम बताया है. उनका कहना है कि इस फैसले से लोगों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हुई है.
यह भी पढ़ें: Gen Z ट्रेंड के बीच आकाश आनंद की री-लॉन्चिंग की तैयारी में मायावती? क्या चलेगा ट्रंप कार्ड
मायावती ने इस मौके पर संत रविदास के अनुयायियों और बहुजन समाज को भी बधाई दी है. मायावती लगातार इस मुद्दे को उठाती रही हैं और संत रविदास के नाम को लेकर उनकी पार्टी शुरू से ही मुखर रही है.
उनका मानना है कि यह सिर्फ एक नाम बदलने का मामला नहीं बल्कि लाखों लोगों की आस्था और सम्मान से जुड़ा विषय है. सरकार के इस कदम को उन्होंने जनभावनाओं की जीत बताया है. इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है और राजनीतिक हलकों में भी इस पर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं.
आशीष श्रीवास्तव