आंख में मिर्च झोंकी, फिर किए ताबड़तोड़ वार... टीचर बहू ने ससुर को बेरहमी से उतारा मौत के घाट!

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पुलिस का कहना है कि एक शिक्षिका बहू ने संपत्ति विवाद में अपने ससुर की हत्या की साजिश रची. पहले उनकी आंखों में मिर्च झोंका, फिर फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाकर सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई. पुलिस ने महज चार घंटे में मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.

Advertisement
पुलिस ने आरोपी बहू के साथ अन्य आरोपियों को किया अरेस्ट. (Photo: Screengrab) पुलिस ने आरोपी बहू के साथ अन्य आरोपियों को किया अरेस्ट. (Photo: Screengrab)

अमितेश त्रिपाठी

  • महराजगंज,
  • 01 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:39 AM IST

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बहू पर अपने ससुर की हत्या का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, संपत्ति विवाद को लेकर बहू ने पहले ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, फिर साथियों के साथ मिलकर फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने की भी कोशिश की गई. पुलिस ने घटना के चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

मामला महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव का है. मृतक की पहचान सच्चाराम गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, उनके दो बेटे हैं. आरोप है कि बड़ी बहू शोभा गुप्ता लंबे समय से ससुर पर अपनी संपत्ति उसके नाम करने का दबाव बना रही थी. सच्चाराम गुप्ता दोनों बेटों को बराबर हिस्सा देने की बात कहते थे. इसी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामला दीवानी अदालत तक भी पहुंच चुका था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ.

पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी बहू ने कथित तौर पर साजिश के तहत सच्चाराम गुप्ता को बंटवारे पर बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया. वहां पहले से रमेश गुप्ता और एक कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा तो शोभा गुप्ता ने सच्चाराम की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. आंखों में तेज जलन होने से वह जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद दोनों अन्य आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और शोभा ने फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से उनके सिर पर कई वार किए. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बिजनौर प्रबल मर्डर केस: भाई की हत्या, सदमे में मां-बाप भी चल बसे... इंसाफ के लिए अकेले रसूखदारों से लड़ी बहन, 31 जुलाई को सजा का ऐलान

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने की कोशिश की. कथित तौर पर धनई यादव ने सच्चाराम को मृत घोषित किया और फिर सभी रात होने का इंतजार करने लगे. आरोप है कि बाद में श्रीकांत चौहान नाम के व्यक्ति को भी बुलाया गया. शव का चेहरा कपड़े से बांधा गया और उसे घसीटकर घर के बाहर एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें और हत्या का शक किसी पर न जाए.

घटना की सूचना मिलने के बाद फरेंदा थाना पुलिस ने जांच शुरू की. महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बताया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़े का डंडा और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं. एसपी के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »