लखनऊ में बैंक के डिप्टी मैनेजर ने की खुदकुशी, घर की छत पर लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

लखनऊ के गुडंबा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक्सिस बैंक की भूतनाथ शाखा में तैनात 34 वर्षीय डिप्टी मैनेजर काजी अहमद जैद ने सोमवार सुबह अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से आदिल नगर इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Advertisement
लखनऊ में एक्सिस बैंक मैनेजर ने की खुदकुशी. (Photo: Representational) लखनऊ में एक्सिस बैंक मैनेजर ने की खुदकुशी. (Photo: Representational)

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 31 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:04 PM IST

लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिल नगर में सोमवार सुबह एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर काजी अहमद जैद ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली. मूल रूप से गोंडा के रहने वाले 34 वर्षीय जैद का शव उनके घर की छत पर बने स्टोर रूम के बाहर खून से लथपथ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मौके से पिस्टल और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि गुडंबा थाना क्षेत्र के आदिल नगर में रहने वाले 34 वर्षीय अहमद जैद के खुदकुशी करने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची टीम को उनका शव खून से लथपथ अवस्था में मिला. 

परिवार के अनुसार, जैद रविवार देर रात ही एक शादी समारोह से वापस लौटे थे और सोमवार सुबह ये आत्मघाती कदम उठाया. परिवार ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह जब जैद की पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने जैद को कमरे में नहीं पाया. शुरुआत में परिजनों को लगा कि वह बैंक ड्यूटी पर चले गए होंगे. हालांकि, जब उनके दोनों मोबाइल फोन कमरे में ही मिले और उनकी गाड़ी भी घर के बाहर खड़ी दिखी तो परिवार को अनहोनी का शक हुआ. तलाश के दौरान जब पत्नी छत पर पहुंचीं तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई. जैद लहूलुहान हालत में स्टोर रूम के पास मृत पड़े थे.

Advertisement

एसीपी गाजीपुर के नेतृत्व में पुलिस बल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है. पुलिस मृतक के कॉल रिकॉर्ड्स और पारिवारिक स्थिति के हर पहलू की जांच कर रही है. 

परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जैद अपने पीछे एक साल की मासूम बेटी और पत्नी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement