उत्तर प्रदेश के कौशांबी से रिश्तों को शर्मसार और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सात बच्चों की मां के अपने ही समधी के साथ लापता होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. महिला के पति ने आरोप लगाया है कि उसका समधी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. शिकायत के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है.
पीड़ित पति का कहना है कि पत्नी के अचानक लापता होने के बाद उसने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद जब उसने अपने समधी से संपर्क किया तो उसे कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई. इतना ही नहीं, आरोपी ने यह भी कहा कि महिला अब उसके साथ पत्नी की तरह रह रही है.
यह भी पढ़ें: '₹500 में झाड़-फूंक, 5 हजार मांगकर धर्म बदलने का दबाव', कौशांबी में 4 मौलवियों पर FIR
मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
13 जुलाई को घर से लापता हुई महिला
दरअसल, यह पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पीड़ित इंद्रराज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे उसकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई. काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो उसे संदेह हुआ कि उसके समधी का इस मामले से संबंध हो सकता है.
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी उसका समधी राकेश कुमार उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. उसने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उसने कई बार आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की.
पति का आरोप है कि जब उसने राकेश कुमार से पत्नी के बारे में पूछा तो उसने अभद्रता की. कथित तौर पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कहा कि महिला अब उसके साथ पत्नी की तरह रह रही है. साथ ही यह भी कहा कि "जहां जाना है जाओ, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे."
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, जांच जारी
शिकायत मिलने के बाद कोखराज थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है. पुलिस महिला की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे. महिला के मिलने के बाद उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. अभी मामले में आरोपों की पुष्टि होना बाकी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
अखिलेश कुमार