कानपुर: शोले स्टाइल में टावर पर चढ़ी नाबालिग प्रेमिका, बोली- POCSO केस में बंद प्रेमी को छोड़ो वरना कूद जाऊंगी

कानपुर पुलिस कमिश्नर ऑफिस में उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग करते हुए वायरलेस टावर पर चढ़ गई. लड़की ने कूदने की धमकी दी. पुलिस ने कोर्ट से प्रेमी को मौके पर बुलाया, जिसके बाद लड़की नीचे उतरी और उससे गले लग गई. मामले की जांच जारी है.

Advertisement
 प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी नाबालिग. (Photo: Screengrab) प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी नाबालिग. (Photo: Screengrab)

रंजय सिंह

  • कानपुर ,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:27 PM IST

कानपुर पुलिस कमिश्नर ऑफिस में मंगलवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग करते हुए वायरलेस टावर पर चढ़ गई. करीब 30 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर लड़की जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि उसके प्रेमी को गलत तरीके से जेल भेजा गया है और अगर उसे रिहा नहीं किया गया तो वह ऊपर से कूद जाएगी.

Advertisement

पूरा मामला सचेंडी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक लड़की के प्रेमी राकेश सिंह को अक्टूबर 2025 में POCSO एक्ट के मामले में जेल भेजा गया था. लड़की की मां ने आरोप लगाया था कि राकेश उनकी नाबालिग बेटी को भगाकर ले गया था. पुलिस ने लड़की को बरामद करने के बाद राकेश को जेल भेज दिया था. तभी से मामला कोर्ट में चल रहा है.

प्रेमी को देखते ही बदला माहौल

मंगलवार को राकेश की कानपुर कचहरी में पेशी थी. लड़की भी वहां पहुंची थी. इसी दौरान लड़की और उसकी मां के बीच बयान को लेकर विवाद हो गया. लड़की राकेश के पक्ष में बयान देना चाहती थी, जबकि उसकी मां विरोध में बयान देने के लिए दबाव बना रही थी. विवाद के बाद लड़की अचानक कचहरी से निकलकर पुलिस कमिश्नर ऑफिस पहुंच गई और वहां लगे वायरलेस टावर पर चढ़ गई.

Advertisement

टावर पर चढ़ी लड़की लगातार चिल्लाती रही कि उसकी मां ने उसके प्रेमी को गलत जेल भिजवाया है. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया. मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया. पुलिस और फायर विभाग की टीम लड़की को नीचे उतारने की कोशिश करती रही, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी. उसने धमकी दी कि अगर कोई उसके पास आया तो वह कूद जाएगी.

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कोर्ट से राकेश सिंह को मौके पर बुलाया. जैसे ही लड़की ने अपने प्रेमी को नीचे देखा, वह खुद टावर से उतर आई और सीधे उससे गले लग गई. यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. इसके बाद पुलिस दोनों को अंदर ले गई. राकेश को दोबारा कचहरी भेज दिया गया, जबकि लड़की को महिला थाने भेजकर उससे पूछताछ शुरू की गई.

पोस्को केस के आरोपी प्रेमी को छुड़ाने की जिद

लड़की का कहना है कि वह अपनी मर्जी से राकेश के साथ गई थी और उसी के साथ शादी करके जिंदगी बिताना चाहती है. वहीं लड़की की मां का आरोप है कि राकेश और उसके परिवार वाले लड़की को बहका रहे हैं. जॉइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टांडा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जाएगा कि लड़की टावर तक कैसे पहुंची और क्या किसी ने उसे ऐसा करने के लिए उकसाया था.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »