UP: गुल्लक के पैसे चोरी हुए तो शिकायत लेकर पहुंचीं दो बहनें, DM ने ऐसे लौटाई उनकी मुस्कान

कानपुर में दो छोटी बच्चियां अपनी गुल्लक के पैसे चोरी होने की शिकायत लेकर डीएम के पास पहुंचीं. डीएम जितेंद्र कुमार सिंह ने उनकी बात सुनकर नई गुल्लक दी और उसमें खुद 1000 रुपये डाले. साथ ही स्कूल बैग भी दिए. इस भावुक घटना ने जनता दर्शन कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को प्रभावित किया.

Advertisement
गुल्लक के पैसों की शिकायत लेकर डीएम के पास पहुंचीं बच्चियां (Photo: Ranjay Singh/ITG) गुल्लक के पैसों की शिकायत लेकर डीएम के पास पहुंचीं बच्चियां (Photo: Ranjay Singh/ITG)

रंजय सिंह

  • कानपुर ,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:15 PM IST

कानपुर के कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में उस समय एक भावुक नजारा देखने को मिला, जब दो छोटी बच्चियां अपनी मां के साथ जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह के सामने पहुंचीं. इन बच्चियों की शिकायत किसी बड़े विवाद से नहीं, बल्कि उनकी गुल्लक में जमा पैसों से जुड़ी थी, जिसे किसी ने निकाल लिया था. जाजमऊ क्षेत्र की रहने वाली शन्नो अपनी बेटियों इस्वा खान और मरियम फातिमा के साथ डीएम कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने बताया कि उनकी बच्ची इस्वा लंबे समय से अपनी मिट्टी की गुल्लक में पैसे जमा कर रही थी.

Advertisement

कभी रिश्तेदारों से मिले रुपये, कभी जेब खर्च से बचाए पैसे और कभी घर में मिले सिक्के, वह धीरे-धीरे गुल्लक में डालती थी. बच्ची को उम्मीद थी कि गुल्लक भरने के बाद वह अपने लिए स्कूल बैग या जरूरी सामान खरीदेगी. लेकिन पारिवारिक विवाद के दौरान उसकी वही गुल्लक खाली हो गई. महिला ने आरोप लगाया कि घर में ही किसी ने गुल्लक तोड़कर उसमें रखे पैसे निकाल लिए. इस मामले की शिकायत पहले थाने में भी की गई थी, लेकिन वहां इसे घरेलू मामला मानकर कोई कार्रवाई नहीं की गई.

थाने में नहीं हुई सुनवाई, जनता दर्शन में मिली राहत

इसके बाद बच्चियां अपनी मां के साथ सीधे जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंच गईं. जब डीएम ने बच्ची से पूछा कि वह गुल्लक में क्या रखती थी, तो इस्वा ने मासूमियत से बताया कि वह रोज थोड़ा-थोड़ा पैसा बचाती थी. बच्ची की यह बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोग कुछ देर के लिए भावुक हो गए. जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बच्चियों की शिकायत को गंभीरता से लिया और थाना जाजमऊ प्रभारी को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने वहां मौजूद हर शख्स का दिल छू लिया.

Advertisement

डीएम ने दोनों बच्चियों को अपने पास बुलाया, उनसे बात की और फिर उन्हें नई मिट्टी की गुल्लक और स्कूल बैग भेंट किए. इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी जेब से दोनों गुल्लक में एक-एक हजार रुपये भी डाले. उन्होंने बच्चियों से कहा कि अब यह तुम्हारी नई गुल्लक है और इसमें जो पैसे रखोगी, वह सुरक्षित रहेंगे. नई गुल्लक और बैग मिलने के बाद दोनों बच्चियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगी. जो बच्चियां कुछ देर पहले उदास थीं, अब मुस्कुरा रही थीं. उन्होंने हाथ जोड़कर डीएम का धन्यवाद किया.

खुद 1000 रुपये डालकर लौटाई बच्चियों की खुशी

जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि यह अच्छी बात है कि बच्चियां बचपन से ही पैसे बचाने की आदत डाल रही हैं. उन्होंने बच्चियों को आगे भी बचत करने के लिए प्रेरित किया. जनता दर्शन में रोज कई शिकायतें आती हैं, लेकिन इस छोटी सी घटना ने वहां मौजूद लोगों के दिल में एक अलग जगह बना ली. यह घटना न सिर्फ एक अधिकारी की संवेदनशीलता को दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि छोटी-छोटी बातें भी किसी के लिए कितनी बड़ी हो सकती हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »