झांसी में चिरगांव इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. होली का त्योहार मनाने दिल्ली से अपने गांव लौटे एक युवक को कुछ दबंगों ने चोरी के शक में पकड़ लिया. इसके बाद अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उसे ट्रैक्टर से बांध दिया. इसके बाद आरोपियों ने युवक को बेरहमी से पीटा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे सनसनी फैल गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया.
यह घटना झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बिठरी की है. यहां रहने वाला लड़का दिल्ली में मजदूरी करता है. वह होली के त्योहार पर अपने घर लौटा था. आरोप है कि गांव के कुछ दबंग युवकों ने उस पर चोरी का संदेह जताया. इसके बाद युवक को रस्सियों से ट्रैक्टर से बांध दिया और जमकर मारपीट की गई. युवक चीखते-चिल्लाते हुए छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा.
मारपीट के दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. स्थानीय लोगों ने इसे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली घटना बताया है.
यह भी पढ़ें: तीन से चार हमलावर, धारदार हथियार और तालिबानी बर्बरता... शिवसेना पार्षद के पति के कत्ल के पीछे किसकी साजिश?
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद पीड़ित युवक ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं इस पूरे मामले को लेकर चिरगांव थाने की पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है. वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है. जांच के बाद जो भी आरोपी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अजय झा