उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने मंदिर परिसर में पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी. प्रेमिका उसे लगातार रोकने और समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन उसने उसकी एक नहीं सुनी. युवक ने गमछे से फंदा बनाया और पेड़ से नीचे छलांग लगा दी. हालांकि फंदा टूट गया और वह नीचे पत्थरों पर गिर पड़ा. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बिरगुवां गांव की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया. मृतक की पहचान 42 वर्षीय लखन आदिवासी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के जैरा खास गांव का रहने वाला था. पिछले कुछ समय से वह झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बिरगुवां गांव में किराए पर रह रहा था. उसके साथ उसकी प्रेमिका लक्ष्मी भी रहती थी. दोनों मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहे थे.
लक्ष्मी ने बताया कि उसकी पहली शादी करीब 20 साल पहले कैलाश नाम के व्यक्ति से हुई थी. उसके तीन बच्चे हैं. इनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बच्चे अविवाहित हैं. उसने बताया कि पहला पति उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह परेशान रहती थी. इसी दौरान फैक्ट्री में काम करते समय उसकी मुलाकात लखन से हुई. पहले दोनों की दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. दोनों ने साथ रहने का फैसला किया.
लिव-इन पार्टनर के सामने शख्स ने लगाई फांसी
लक्ष्मी के अनुसार करीब तीन साल पहले वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर लखन के साथ रहने चली आई थी. इसके बाद दोनों अलग-अलग शहरों में रहकर मजदूरी करते रहे. पहले वे ग्वालियर और मुंबई में रहे. करीब 15 दिन पहले दोनों झांसी के बिरगुवां गांव आए थे और यहीं मजदूरी कर रहे थे. लक्ष्मी ने बताया कि लखन शराब पीने का आदी था और अक्सर कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च कर देता था. वह उसे शराब पीने से रोकती थी.
घटना वाले दिन सुबह लखन ने कहा कि उसके पास जूते नहीं हैं और पैरों में छाले पड़ गए हैं. उसने जूते खरीदने के लिए 100 रुपये लिए और घर से निकल गया. कुछ देर बाद वह शराब पीकर वापस लौटा. इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. लक्ष्मी ने उसे कहा कि वह खाना बना रही है और खाना खाने के बाद दोनों काम पर चलेंगे. इस पर लखन ने कहा कि वह शौच के लिए जा रहा है और घर से निकल गया. जब काफी देर तक लखन वापस नहीं लौटा तो लक्ष्मी उसकी तलाश में निकली. खोजबीन के दौरान उसने स्कूल के पीछे स्थित मंदिर परिसर में लखन को पेड़ पर चढ़ा देखा. वह गमछे से फंदा तैयार कर रहा था.
लक्ष्मी ने उसे नीचे उतरने और ऐसा कदम नहीं उठाने की काफी कोशिश की. वह रोती-चिल्लाती रही, लेकिन लखन नहीं माना. उसने गले में गमछे का फंदा लगाया और पेड़ से नीचे छलांग लगा दी. जैसे ही लखन ने छलांग लगाई, गमछे का फंदा टूट गया. वह सीधे नीचे पड़े पत्थरों पर गिर गया. लक्ष्मी तुरंत उसके पास पहुंची और गले से फंदा हटाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
प्रेमी की मौत के बाद लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. उसने बताया कि लखन ने उससे जिंदगी भर साथ निभाने का वादा किया था, लेकिन बीच रास्ते में उसे छोड़कर चला गया. घटना की सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना के उपनिरीक्षक हारुन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और किसी प्रकार की शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
प्रमोद कुमार गौतम