झांसी: पत्नी का अंतिम संस्कार करने आया था पति, पुलिस ने श्मशान से किया गिरफ्तार; 2 महीने पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश के झांसी में शादी के महज दो महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए श्मशान घाट पर हंगामा किया और मुकदमा दर्ज होने तक अंतिम संस्कार रोक दिया. पुलिस ने मुखाग्नि के तुरंत बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
झांसी पुलिस ने पति को श्मशान से पकड़ा (Photo- ITG) झांसी पुलिस ने पति को श्मशान से पकड़ा (Photo- ITG)

प्रमोद कुमार गौतम

  • झांसी ,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:46 AM IST

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की केके पुरी कॉलोनी में 4 मई को 29 वर्षीय मीनू की ससुराल में संदिग्ध मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने पति हिमांशु और ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने और दहेज मांगने का आरोप लगाया. पुलिस ने 5 मई को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा. श्मशान घाट पर मायके वालों ने कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों अंतिम संस्कार रोके रखा. पुलिस द्वारा पति समेत पांच लोगों पर FIR दर्ज करने के बाद ही दाह संस्कार संपन्न हुआ. इसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी पति को श्मशान से ही हिरासत में ले लिया.

Advertisement

शादी के दो महीने बाद ही उजड़ा सुहाग

मीनू और हिमांशु की शादी 5 फरवरी 2026 को धूमधाम से हुई थी. लेकिन सुखद दांपत्य जीवन शुरू होने के 60 दिनों के भीतर ही मीनू की जान चली गई. 4 मई को जब उसकी मौत हुई, तो पति हिमांशु ने इसे एक हादसा बताया. 

उसका दावा था कि मीनू को अचानक चक्कर आया, वह गिर गई और उसकी मृत्यु हो गई. हालांकि, मायके पक्ष ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है.

श्मशान घाट पर घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव श्मशान घाट पहुंचा, तो वहां केवल पति मौजूद था और ससुराल का कोई अन्य सदस्य नहीं दिखा. यह देखकर मायके वाले भड़क गए और उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवा दिया. मृतका के भाई नीतेश का आरोप है कि उसकी बहन के शरीर पर चोट के निशान थे और उसका गला दबाया गया था. परिजनों की जिद थी कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होती, वे संस्कार नहीं करेंगे.

Advertisement

दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप

भाई नीतेश ने बताया कि ससुराल वाले काफी समय से रुपयों की मांग कर रहे थे. चार दिन पहले ही मीनू को ससुराल भेजा गया था और अब उसकी लाश मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति, जेठ, जेठानी, ननद और नंददोई समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने श्मशान से पति को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement