25 लाख का मुआवजा मिलते ही बदला पति का रंग, प्रेमिका संग हुआ फरार, पत्नी बोली- 8 साल का रिश्ता और मासूम बेटा छोड़ गया

झांसी के इमलिया गांव में बीडा से मिले 25 लाख रुपये के मुआवजे के बाद युवक कथित प्रेमिका संग फरार हो गया. पत्नी रुचि परिहार ने आरोप लगाया कि पति नीलेश परिहार ने आठ साल का रिश्ता और छह साल के बेटे को छोड़ दिया. महिला ने रक्सा थाने में शिकायत देकर न्याय और पति की तलाश की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
मायके में रहने को मजबूर हुई पत्नी.(Photo: Ajay Jha/ITG) मायके में रहने को मजबूर हुई पत्नी.(Photo: Ajay Jha/ITG)

अजय झा

  • झांसी,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:43 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मुआवजे में मिली लाखों रुपये की रकम एक परिवार के टूटने की वजह बन गई. बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) से मुआवजा मिलने के बाद एक युवक कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया. अब उसकी पत्नी छह साल के मासूम बेटे को लेकर न्याय के लिए पुलिस के चक्कर काट रही है.

Advertisement

मामला झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के इमलिया गांव का है. पीड़ित महिला रुचि परिहार ने रक्सा थाने पहुंचकर पति की तलाश और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है. महिला का आरोप है कि उसके पति नीलेश परिहार को बीडा से मिली मुआवजा राशि ने पूरी तरह बदल दिया.

यह भी पढ़ें: रील्स पर जादू-टोना, हकीकत में कट्टा-कारतूस! झांसी का 'तांत्रिक' बॉबी निकला असलहा तस्कर, ऑटोमेटिक हथियार जब्त; सगे भाई के साथ गिरफ्तार

रुचि का कहना है कि पहले उसका पति परिवार के साथ सामान्य जीवन बिताता था, लेकिन पैसे मिलने के बाद वह ऐशो-आराम और दूसरी महिला के प्रेम संबंधों में उलझ गया. अब वह पत्नी और बच्चे को छोड़कर दूसरी महिला के साथ चला गया है.

एक करोड़ के मुआवजे के बाद बदला व्यवहार

पीड़िता के अनुसार उसके ससुर धनीराम की करीब पांच एकड़ जमीन बीडा द्वारा अधिग्रहित की गई थी. इसके बदले परिवार को लगभग एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिला था. यह रकम परिवार के तीनों बेटों में बांटी गई, जिसमें उसके पति नीलेश परिहार के हिस्से में करीब 25 लाख रुपये आए.

Advertisement

महिला का आरोप है कि पैसा मिलने के बाद पति का व्यवहार तेजी से बदलने लगा. उसने परिवार से दूरी बनानी शुरू कर दी और गांव की एक युवती के साथ उसके संबंध गहरे हो गए. इसके बाद उसने पत्नी और बच्चे की जिम्मेदारियों से भी मुंह मोड़ लिया.

रुचि ने बताया कि आठ साल का वैवाहिक रिश्ता और छह साल का बेटा होने के बावजूद उसका पति परिवार छोड़कर चला गया. अब वह न तो पत्नी को अपने साथ रख रहा है और न ही बच्चे की परवरिश का खर्च उठा रहा है.

मायके में रहने को मजबूर हुई पत्नी

पीड़िता का कहना है कि मजबूरी में उसे अपने मायके में रहना पड़ रहा है. अचानक बदली इस परिस्थिति ने उसके सामने बेटे के भविष्य को लेकर बड़ा संकट खड़ा कर दिया है. महिला ने पुलिस प्रशासन से पति को तलाशने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है.

रुचि ने बच्चों के अधिकार सुरक्षित कराने की भी अपील की है. उसका कहना है कि पति के जाने के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है और वह मानसिक व आर्थिक परेशानी से गुजर रही है.

वहीं, इस पूरे मामले में रक्सा थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों की तलाश के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement