दुकान के बाहर कूड़ा फेंका, विरोध किया तो परिवार पर टूट पड़े दबंग... बीच बाजार मारपीट का VIDEO

उत्तर प्रदेश के झांसी के बबीना कस्बे में दुकान के बाहर कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि विरोध करने पर पड़ोसियों ने दुकानदार, उसकी पत्नी और बेटी के साथ बीच बाजार मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
कैमरे में कैद हुई पूरी घटना.(Photo: Screengrab) कैमरे में कैद हुई पूरी घटना.(Photo: Screengrab)

अजय झा

  • झांसी,
  • 24 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:21 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी के बबीना कस्बे में कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. बीच बाजार एक दुकानदार, उसकी पत्नी और बेटी के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल है.

Advertisement

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दुकान के बाहर कूड़ा डालने का विरोध करने पर पड़ोसी दुकानदारों ने हमला कर दिया. विवाद इतना बढ़ गया कि बीच बाजार ही हाथापाई शुरू हो गई. इस दौरान महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई.

यह भी पढ़ें: महिला थाना, पिंक बूथ, रानी झांसी स्क्वाड और वामिका... महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस का 4 'P' मॉडल

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने महिलाओं के साथ हुई मारपीट पर नाराजगी जताई है. वीडियो में बाजार में अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है.

दुकान के बाहर कूड़ा डालने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, बबीना थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी संतोष बाजार में दुकान चलाते हैं. उनकी दुकान पर उनकी पत्नी और बेटी भी काम में सहयोग करती हैं.

Advertisement

संतोष का आरोप है कि उनकी दुकान के सामने स्थित दुकानदार विकास गोस्वामी, अशोक गोस्वामी और राजा गोस्वामी ने उनकी दुकान के बाहर कूड़ा डाल दिया था. जब उन्होंने इसका विरोध किया और कूड़ा हटाने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

आरोप है कि कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया. संतोष के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. शोर सुनकर उनकी पत्नी और बेटी बचाव के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी हाथापाई और मारपीट की गई.

मोबाइल कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

मारपीट के दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की. हालांकि तब तक पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड हो चुकी थी.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बाजार में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लोगों ने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो विवाद और भी गंभीर रूप ले सकता था.

देखें वीडियो...

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

पीड़ित संतोष ने बबीना थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और बेटी के साथ भी गंभीर मारपीट की गई है. साथ ही आरोपियों को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई.

बबीना थाना प्रभारी ने बताया कि कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद की शिकायत मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी.

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »