झांसी: 730 रुपये की शॉपिंग और फिर बीच सड़क पर 'क्रिकेट मैच'! बैट-स्टंप लेकर आपस में भिड़े दुकानदार और ग्राहक

शॉर्ट समरी: झांसी के व्यस्त मानिकचौक बाजार में ₹730 का क्रिकेट सामान खरीदने के बाद ग्राहक और दुकानदार विनय अग्रवाल के बीच अभद्र भाषा को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते बीच सड़क पर बैट और स्टंप से हिंसक मारपीट शुरू हो गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
झांसी के मानिकचौक में बवाल का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab) झांसी के मानिकचौक में बवाल का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)

अजय झा

  • झांसी ,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:10 AM IST

यूपी के झांसी जिले के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल मानिकचौक रविवार को अखाड़े में तब्दील हो गया. बच्चों के लिए बैट-बॉल खरीदने पहुंचे एक ग्राहक और दुकानदार के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. बीच सड़क पर दोनों पक्षों के बीच क्रिकेट बैट और स्टंप चलने लगे. बाजार में मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास खड़ी भीड़ तमाशबीन बनी रही. घटना के दौरान कुछ देर के लिए पूरे बाजार में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया था.

जानकारी के अनुसार, झांसी के मानिकचौक स्थित लक्ष्मी स्पोर्ट्स कि दुकान पर एक ग्राहक अपने बच्चों के लिए क्रिकेट का सामान खरीदने दुकान पर पहुंचा था. दुकान से करीब 730 रुपये का सामान खरीदा गया और ऑनलाइन पेमेंट भी कर दी गई थी. शुरुआत में सबकुछ सामान्य था, लेकिन दुकान से बाहर निकलते समय किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सड़क पर आ गए और हाथापाई शुरू हो गई.

दुकानदार ने कही ये बात 

आरोप है कि विवाद के दौरान प्लास्टिक के क्रिकेट बैट और स्टंप तक चल गए. बाजार के बीचोबीच हुई इस मारपीट से वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए. कई दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए, जबकि राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.

Advertisement

लक्ष्मी स्पोर्ट्स के संचालक विनय अग्रवाल ने बताया कि ग्राहक ने सामान खरीदने के बाद परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज शुरू कर दी थी. उनके मुताबिक, उन्होंने ग्राहक को सिर्फ इतना कहा था कि परिवार के बारे में गलत बातें न करें और यदि व्यवहार पसंद नहीं है तो आगे दुकान पर न आएं. आरोप है कि इसी बात पर ग्राहक भड़क गया और दुकान से बाहर निकलकर हाथापाई करने लगा.

विनय अग्रवाल का कहना है कि विवाद का सामान के दाम या भुगतान से कोई लेना-देना नहीं था. पूरा मामला केवल अभद्र भाषा और बोलचाल को लेकर हुआ. उन्होंने बताया कि घटना के बाद कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, क्योंकि आरोपी मौके से चला गया था.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, पुलिस कर रही जांच

बीच बाजार क्रिकेट बैट और स्टंप से हुई इस मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद झांसी पुलिस भी सक्रिय हो गई है. कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement