पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR के करोड़ों लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत की आधिकारिक तारीख और रूट फाइनल हो गया है. IndiGo आज से अपनी उड़ानों के लिए टिकटों की बिक्री शुरू करने जा रही है.
एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट 15 जून को उड़ान भरेगी. यह न सिर्फ जेवर एयरपोर्ट के लिए बल्कि देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक बड़ा मील का पत्थर होगा. इंडिगो इस एयरपोर्ट से ऑपरेशन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई है.
लखनऊ-नोएडा के बीच पहला रूट
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान लखनऊ से नोएडा के लिए संचालित की जाएगी. यह रूट उत्तर प्रदेश की राजधानी और उभरते हुए औद्योगिक हब नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को कई गुना मजबूत कर देगा. किराए की बात करें तो 10 हजार रुपये से शुरू होगा.
15 जून को उद्घाटन के दिन 4 स्पेशल फ्लाइट्स
उद्घाटन के दिन इंडिगो 4 विशेष उड़ानों का संचालन करेगी, जो जेवर को उत्तर और दक्षिण भारत से जोड़ेंगी.
लखनऊ (LKO) से नोएडा (DXN)
सुबह 07:05 बजे प्रस्थान और 08:05 बजे लैंडिंग (किराया 10 हजार रुपये से शुरू)
नोएडा से बेंगलुरु: दक्षिण भारत के लिए सीधी कनेक्टिविटी, टिकटों की शुरुआती कीमत 8000 से ज्यादा रखी गई है
कनेक्टिविटी के 16 डेस्टिनेशन
जेवर एयरपोर्ट केवल मेट्रो शहरों तक सीमित नहीं रहेगा. शुरुआती चरण में यह 16 प्रमुख शहरों से जुड़ेगा, जिनमें जम्मू, श्रीनगर और धर्मशाला के लिए सीधी उड़ानें शामिल हैं.
1 जुलाई से बढ़ेगा उड़ानों का दायरा
एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का असली विस्तार 1 जुलाई से देखने को मिलेगा. इस तारीख से हर दिन करीब 28 विमान जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे और उड़ान भरेंगे. वहीं, कुछ खास जगहों के लिए दिन के अनुसार फ्लाइट्स का शेड्यूल तय किया जाएगा.
बिजनेस और टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट
जेवर एयरपोर्ट को भारत के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसके शुरू होने से दिल्ली-NCR और पश्चिमी यूपी के यात्रियों को अब फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली (IGI) एयरपोर्ट जाने की मजबूरी नहीं होगी.
इसके अलावा, एयर कनेक्टिविटी मजबूत होने से इलाके में नए इन्वेस्टमेंट और व्यापारिक अवसरों के द्वार खुलेंगे. साथ ही आगरा और मथुरा जैसे पर्यटन केंद्रों के करीब होने के कारण विदेशी पर्यटकों के लिए भी यह पसंदीदा विकल्प बनेगा.
अमित भारद्वाज