कानपुर: पत्नी से करता था प्यार, लेकिन शाहिद पर अवैध संबंध का शक... गुलफाम ने ब्लेड से हमला कर रिश्तेदार को तेजाब से नहलाया

कानपुर के जाजमऊ इलाके में शक ने एक परिवार को तबाह कर दिया. आरोपी गुलफाम ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक में अपने ही रिश्तेदार शाहिद पर ब्लेड से हमला किया और फिर बीच सड़क दौड़ा-दौड़ाकर उस पर तेजाब डाल दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
एसिड अटैक में घायल का अस्पताल में इलाज जारी (Photo- Screengrab) एसिड अटैक में घायल का अस्पताल में इलाज जारी (Photo- Screengrab)

रंजय सिंह

  • कानपुर ,
  • 19 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:48 PM IST

Kanpur News: जाजमऊ निवासी गुलफाम ने बुधवार को फीलखाना पटकापुर में अपने रिश्तेदार शाहिद पर तेजाब से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और शाहिद के बीच अवैध संबंध हैं. गुलफाम तेजाब और ब्लेड लेकर शाहिद के कारखाने पहुंचा और उसे बातचीत के बहाने बाहर बुलाया. शाहिद के बाहर आते ही गुलफाम ने पहले उसे ब्लेड से काटा और फिर बोतल में भरा तेजाब उस पर उड़ेल दिया. शाहिद जान बचाने के लिए भागा, तो आरोपी ने उसे सड़क पर दौड़ाकर तेजाब से नहला दिया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

शक का कीड़ा और खूनी साजिश

गुलफाम अपनी पत्नी से प्यार करता था, लेकिन उसे शाहिद पर शक था कि वह उसकी गैर-मौजूदगी में घर आता है. गुलफाम ने कई बार शाहिद को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसका शक दूर नहीं हुआ. 

बुधवार को गुलफाम ने शाहिद को सबक सिखाने की ठान ली. उसने पहले अपनी पत्नी की पिटाई की और फिर तेजाब लेकर शाहिद के पास पहुंच गया. चश्मदीद जहीर के मुताबिक, गुलफाम ने लोगों से शाहिद का पता पूछा और उसे बाहर बुलाकर हमला कर दिया.

आरोपी का कबूलनामा

डीसीपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पारिवारिक संबंधों के शक में यह हमला किया गया है. मौके पर गुलफाम की जली हुई बनियान और बाइक मिली है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि बार-बार समझाने के बाद भी शाहिद उसकी बात नहीं मान रहा था, इसलिए उसने यह कदम उठाया. फिलहाल शाहिद का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement