उत्तर प्रदेश के गोंडा से दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्यार, शक और ब्लैकमेलिंग के जाल में उलझकर एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी. आरोपी को शक था कि उसकी प्रेमिका किसी और से भी बात करती है. यही शक उसकी हैवानियत की वजह बन गया.
मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के भीटी भदवल गांव का है, जहां 25 साल की लड़की शीला 29 मार्च को लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई. लेकिन 2 अप्रैल को गांव के ही एक गन्ने के खेत में लड़की का शव मिल गया.
सूचना मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनीत जायसवाल ने एसओजी और सर्विलांस टीम समेत चार टीमों का गठन कर दिया.
जांच के दौरान जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया. लड़की की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी अरुण कुमार ने की थी, जो बिहार के रोहतास का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: मकान मालकिन की कातिलाना लव स्टोरी, 15 साल छोटे किराएदार से इश्क में सास का कत्ल
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने बताया कि शीला और अरुण की दोस्ती साल 2022 में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. दोनों को रील बनाने का शौक था और इसी दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ीं. अरुण कई बार बिहार से गोंडा आकर शीला से मिलता था.
जांच में सामने आया कि समय के साथ उनके रिश्ते में दरार आ गई थी. अरुण का आरोप था कि शीला उससे पैसों की मांग करती थी और उसे ब्लैकमेल भी कर रही थी. अरुण अब तक उसे करीब डेढ़ लाख रुपये दे चुका था, जिसमें ऑनलाइन ट्रांसफर और नकद दोनों शामिल थे.
इसी बीच अरुण को शक होने लगा कि शीला किसी और युवक से भी बात कर रही है और उसे धोखा दे रही है. इस शक और लगातार पैसों की मांग से वह परेशान हो गया. इसके बाद उसने हत्या की साजिश रच डाली.
29 मार्च को अरुण ने शीला को गांव के गन्ने के खेत में मिलने के लिए बुलाया. उसने बहाना बनाया कि दोनों मिलकर रील बनाएंगे. जब शीला वहां पहुंची, तो अरुण ने चालाकी से उसके दोनों हाथ पीछे बांध दिए. इसके बाद उसने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी को ट्रैक किया और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
अंचल श्रीवास्तव