लखनऊ के बाद गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भी लगी भीषण आग, काले धुएं से भर गया आसमान
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के कनावनी झुग्गियों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग ने तेजी से फैलते हुए कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं. फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है.
लखनऊ के बाद अब गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भीषण आग की घटना सामने आई है. यहां के कनावनी इलाके में स्थित झुग्गियों में आज अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गई. सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
Advertisement
आलम ऐसा था कि आसमान पूरी तरह से काले धुएं के गुबार से भर गया और तेजी से उठती लपटों को देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर भागने लगे, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया.
जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को इसकी जानकारी दी. मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाने का काम जारी है. दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं ताकि आग को और ज्यादा फैलने से रोका जा सके. फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात हैं और लपटों को बुझाने की कोशिश की जा रही है.
इस पूरे हादसे में अब तक की सबसे राहत वाली बात यह है कि किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है. आग लगते ही अधिकतर लोग समय रहते बाहर निकल आए हैं, जिसकी वजह से अभी तक कोई हताहत नहीं हुआ है. हालांकि, आग की तीव्रता की वजह से कई परिवारों का सामान जलकर राख हो गया है.
Advertisement
जांच में जुटा प्रशासन
घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौजूद रही. अभी तक आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से तो नहीं हुआ है. फिलहाल, दमकल कर्मी और पुलिस की टीमें स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में करने की कोशिश जारी है. आसपास के लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है ताकि बचाव कार्य में कोई रुकावट न आए.
मयंक गौड़ / आशीष श्रीवास्तव