गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में खेत से मिले युवती के गला कटे शव की गुत्थी पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझा ली है. इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि युवती का कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसका सगा भाई निकला. पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल आरी का ब्लेड भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, यह मामला ऑनर किलिंग का है. शुरुआती जांच में किसी तरह का सुराग नहीं मिलने पर वेव सिटी पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया. तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट की मदद से आखिरकार पुलिस आरोपी तक पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: गला रेता, खून बहाया और लाश छोड़कर फरार हो गया कातिल.... गाजियाबाद में खौफनाक मर्डर
दरअसल, 23 जुलाई को काजीपुरा गांव के एक ज्वार के खेत में युवती का गला कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की.
400 से ज्यादा CCTV खंगाले और आरोपी तक पहुंची पुलिस
ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया. करीब 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसके अलावा बीटीएस डाटा, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया.
जांच के दौरान दर्जनों संदिग्धों से पूछताछ की गई. लगातार जुटाए गए तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस ने 26 जुलाई को काजीपुरा स्थित झुग्गी-झोपड़ी इलाके से आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने कबूल कर ली. इसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल आरी का ब्लेड भी बरामद कर लिया गया.
नोएडा से बहन को साथ लाया, सुनसान खेत में उतारा मौत के घाट
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक, आरोपी दीपक कुमार मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला है. वह दिल्ली-एनसीआर में नई इमारतों में पेंट और पीओपी का काम करता है. फिलहाल वह वेव सिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहा था.
पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी 18 वर्षीय बहन रीमा कुछ दिन पहले सिद्धार्थनगर से आकर नोएडा के कासना में अपनी मौसी के घर रह रही थी. 22 जुलाई को दीपक अपनी बहन को ऑटो से अपने साथ काजीपुरा क्षेत्र लेकर आया.
रास्ते में दोनों के बीच रीमा के प्रेम संबंध और शादी को लेकर विवाद हुआ. आरोपी उसे सुनसान ज्वार के खेत में ले गया. वहां पहले उसने बहन का गला दबाया और फिर पेंट-पीओपी के काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से उसका गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात के बाद शव को खेत में छिपाकर फरार हो गया.
प्रेम विवाह का करता था विरोध, कबूल किया जुर्म
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी बहन एक युवक से प्रेम करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी. वह इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.
22 जुलाई को दोनों के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई. गुस्से में आरोपी ने पहले बहन का गला दबाया और फिर आरी के ब्लेड से उसका गला रेत दिया. हत्या के बाद उसने शव को खेत में छिपा दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. इस खुलासे के साथ ही 72 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश हो गया और एक बार फिर ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं ने समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
मयंक गौड़