मुरादाबाद से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक NRI व्यक्ति के खिलाफ अपनी पहली शादी छिपाकर दूसरी महिला से शादी करने का मामला दर्ज किया गया है. एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने उस पर दहेज के लिए परेशान करने, रेप, हत्या की कोशिश और अन्य अपराधों के आरोप भी लगाए हैं. पुलिस के अनुसार पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी रामपुर जिले के गगनदीप सिंह ने अप्रैल 2022 में उनकी बेटी से शादी की थी, जबकि वह पहले से ही कनाडा में एक महिला से शादीशुदा था.
शारीरिक संबंध बनाने से इनकार पर किया रेप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने लगभग 2 करोड़ रुपये का दहेज लिया था. शादी की रात, जब महिला को उसकी पहली शादी के बारे में पता चला और उसने शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया, तो उसने उसके साथ रेप किया. बाद में जब परिवार ने पैसे वापस करने की मांग की, तो उसने गोली चला दी.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मुंडा पांडे पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले महिला के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी के बाद विदाई के समय महिला को कुछ महिलाओं से पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी कनाडा में रहती है. जब उससे इस बारे में पूछा गया, तो गगनदीप ने माना कि उसने कनाडा में रहने की सुविधा के लिए दूसरी शादी की थी.
FIR में आरोप लगाया गया है कि जब महिला को पहली शादी के बारे में पता चलने के बाद उसने अपने पति के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया, तो उसने उसके साथ रेप किया. शिकायत में यह भी कहा गया है कि लगातार उत्पीड़न से उसकी मानसिक सेहत पर असर पड़ा और अभी उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार ने शादी से पहले लिए गए दहेज की रकम वापस करने से इनकार कर दिया और कहा कि उसे बिजनेस में लगा दिया गया है. FIR के अनुसार इस साल 25 जून की रात को शिकायतकर्ता को पैसे वापस करने के बहाने सहरिया गांव में सड़क किनारे एक भोजनालय में बुलाया गया था.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
उसने आरोप लगाया कि गगनदीप, उसके पिता रंजीत सिंह, सोनू उर्फ लंगड़ा और दो अज्ञात लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे और उसे मारने की नीयत से गोली चला दी. वह भोजनालय की दीवार के पीछे छिपकर बच निकला, जबकि आरोपी कार में भाग गए. पुलिस ने बताया कि उन्होंने गगनदीप, उसके माता-पिता, सोनू उर्फ लंगड़ा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
ये धाराएं आपराधिक धमकी, हत्या की कोशिश, आपराधिक विश्वासघात, तलाक के बिना दूसरी शादी करने और पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता से संबंधित हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले का जांच कर रही है.
aajtak.in