फर्रुखाबाद में दो दारोगा समेत 16 पुलिसकर्मियों पर FIR के आदेश, घर में घुसकर लूटपाट और मारपीट का आरोप, जानिए पूरा किस्सा

फर्रुखाबाद में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है. कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और नकदी-जेवर लूटने के आरोप में न्यायालय ने दो दारोगा समेत 8 नामजद और 8 अज्ञात पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने का सख्त आदेश दिया है. इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है.

Advertisement
सांकेतिक फोटो सांकेतिक फोटो

फिरोज़ खान

  • फर्रुखाबाद ,
  • 16 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:38 AM IST

UP News: फर्रुखाबाद विशेष न्यायाधीश (डकैती) शैलेंद्र सचान ने कायमगंज पुलिस के खिलाफ लूटपाट और मारपीट के मामले में संज्ञान लेते हुए 8 नामजद व 8 अज्ञात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया. कायमगंज के मऊ रसीदाबाद गांव निवासी शायदा बेगम की याचिका पर न्यायालय ने यह कदम उठाया क्योंकि पुलिस ने उनके घर में घुसकर 90 हजार रुपये और लाखों के जेवरात लूट लिए थे. पुलिस ने इस दौरान एक नाबालिग समेत चार लोगों को हिरासत में लिया और बाद में तीन को जेल भेज दिया. 15 अप्रैल को न्यायालय के निर्देश पर कोतवाली कायमगंज में बीएनएस की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.

Advertisement

पुलिस पर लगा गंभीर डकैती और मारपीट का आरोप

शिकायतकर्ता शायदा बेगम ने कोर्ट को बताया कि पुलिसकर्मियों ने उनके घर में तांडव मचाया और विरोध करने पर मारपीट की. आरोप है कि टीम ने घर से करीब 90 हजार की नकदी और कीमती सोने के जेवरात पार कर दिए. इस मामले में उपनिरीक्षक सोमवीर, जितेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तिवारी समेत अन्य पुलिसकर्मी मुख्य रूप से घेरे में हैं. न्यायालय ने इन पुलिसकर्मियों के आचरण को बेहद गंभीर माना है.

कोतवाल को नोटिस, एसपी करेंगे खुद निगरानी

अदालत ने कायमगंज कोतवाल मदन मोहन को भी आड़े हाथों लिया है. उन पर न्यायालय में असत्य और भ्रामक रिपोर्ट पेश करने का आरोप है, जिसके लिए उन्हें 20 अप्रैल को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. साथ ही, जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को इस पूरी विवेचना की खुद निगरानी करने को कहा गया है ताकि जांच निष्पक्ष रहे और दोषियों को सजा मिल सके.

Advertisement

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

कोर्ट के कड़े रुख के बाद पुलिस ने अपने ही साथियों के खिलाफ अपराध संख्या 100/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2), 310(2) और 127(2) में मामला दर्ज कर लिया है. नामजद पुलिसकर्मियों में विजय गूजर, सचिन, जितेंद्र सिंह, विकास बाबू और पवन के नाम भी शामिल हैं. फिलहाल इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले की पुलिसिंग और कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement