आजमगढ़ में आधी रात खूनी तांडव: पहले ट्यूबवेल पर दादा का गला काटा, फिर घर में घुसकर पोते को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

आजमगढ़ में गुरुवार देर रात बदमाशों ने 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव और उनके 25 वर्षीय पोते अंकित की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी. घटना के पीछे पड़ोसियों से पुराना जमीनी विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
डबल मर्डर के बाद रोते-बिलखते परिजन (Photo- ITG) डबल मर्डर के बाद रोते-बिलखते परिजन (Photo- ITG)

राजीव कुमार

  • आजमगढ़ ,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:00 PM IST

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक ही परिवार पर ऐसा कहर टूटा, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. आधी रात बदमाशों ने पहले ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग की गला काटकर हत्या की, फिर कुछ ही मिनटों बाद घर पहुंचकर उनके पोते को भी कुल्हाड़ी से मौत के घाट उतार दिया. आखिर इस दोहरे हत्याकांड के पीछे कौन है? क्या पुरानी रंजिश ने दो जिंदगियां निगल लीं? पुलिस जांच कर रही है. 

Advertisement

पूरा मामला पवई थाना क्षेत्र के हेवती डिहवा गांव का है. यहां गुरुवार देर रात दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. बदमाशों ने सबसे पहले ट्यूबवेल पर सो रहे 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी. इसके बाद करीब चार सौ मीटर दूर उनके घर पहुंचे और बरामदे में सो रहे उनके 25 वर्षीय पोते श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित पर कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी भी हत्या कर दी.  

घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है. अंकित के पास सो रही उसकी दादी फूलकुमारी को कुछ आहट सुनाई दी. उन्होंने अंकित को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद घर के अंदर सो रहे अन्य परिजनों को जगाया गया. जब परिवार के लोग बाहर निकले तो अंकित खून से लथपथ पड़ा मिला. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

Advertisement

अस्पताल से लौटने के बाद परिजन जब ट्यूबवेल पर सो रहे जगदंबा प्रसाद यादव को बुलाने पहुंचे, तो वहां का मंजर और भी भयावह था. उनका शव खून से लथपथ पड़ा था और गला काटकर उनकी भी हत्या की जा चुकी थी. एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. 

उधर, सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए.  घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए.  पुलिस ने घर से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है. 

मृतक अंकित के भाई शिव कुमार यादव का आरोप है कि पड़ोसियों के साथ लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था.  इसी रंजिश में दादा और भाई की हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि अंकित दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और करीब तीन महीने पहले ही घर लौटा था. 

मामले में एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.  आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद सहित हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.   

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »