समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव शनिवार को धर्मनगरी वृंदावन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. मंदिर पहुंचने पर सेवायतों के सानिध्य में उन्होंने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए और मंदिर परिसर में पारंपरिक तरीके से पूजा संपन्न हुई.
मंदिर के गोस्वामी समाज ने सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. उन्हें माला, प्रसादी और अंग वस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया. इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच पूरे आयोजन का धार्मिक वातावरण बना रहा.
यह भी पढ़ें: वृंदावन हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, करने आए थे बांके बिहारी के दर्शन
सांसद के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. वहीं वृंदावन पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने भी अपनी नेता का जोरदार स्वागत किया और मंदिर दर्शन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई.
नाव हादसे पर जताया दुख, सरकार को दी नसीहत
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में डिंपल यादव भावुक नजर आईं. उन्होंने वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ वृंदावन आते हैं, लेकिन उनके साथ इस तरह का हादसा होना बेहद पीड़ादायक है.
सांसद ने कहा कि उनकी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं. उन्होंने हादसे के लिए व्यवस्थाओं में चूक और नावों की ओवरलोडिंग को जिम्मेदार ठहराया. उनके मुताबिक, अगर नावों में ओवरलोडिंग जारी रही तो किसी न किसी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें: सालगिरह के दो दिन बाद मातम... वृंदावन नाव हादसे में महिला की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डिंपल यादव ने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है. हालांकि उन्होंने मंदिर में दर्शन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और हाई पावर्ड कमेटी के प्रयासों को सराहनीय बताया.
मदन गोपाल शर्मा