पत्नी की सूनी मांग, बिलखते मासूम और कर्जदार पिता... स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाज पर बमबारी में देवरिया के शिवानंद की मौत

ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक मालवाहक जहाज पर हुई भीषण बमबारी में उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 36 वर्षीय युवक शिवानंद चौरसिया की मौत हो गई. जिसके बाद कर्ज के बोझ तले दबे किसान पिता और रोते बिलखते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Advertisement
देवरिया के शिवानंद चौरसिया की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मौत (Photo- ITG) देवरिया के शिवानंद चौरसिया की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मौत (Photo- ITG)

राम प्रताप सिंह

  • देवरिया ,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:42 AM IST

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के निवासी शिवानंद चौरसिया की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में एक जहाज पर हुई बमबारी के दौरान मौत हो गई. मृतक के किसान पिता रामजी चौरसिया को बीते दिन छोटे बेटे के जरिए इस भयानक हादसे की जानकारी मिली. शिवानंद छह महीने पहले ही छह लाख रुपये का भारी-भरकम कर्ज लेकर फिटर के काम के लिए मुंबई से जहाज के जरिए सिंगापुर गए थे, जहां से लौटते समय ओमान के पास उनका जहाज इस हमले का शिकार हो गया.

Advertisement

पाई-पाई जोड़कर बेटे को भेजा था विदेश

शिवानंद के पिता रामजी चौरसिया पेशे से किसान हैं और उन्होंने पाई-पाई जोड़कर अपने बड़े बेटे के सुनहरे भविष्य का सपना देखा था. पिता ने रोते हुए बताया कि उन्होंने इधर-उधर से मांगकर छह लाख रुपये की व्यवस्था की थी ताकि बेटा जहाज पर जा सके. ऐन वक्त पर भेजने वाली कंपनी ने 50 हजार रुपये की और मांग कर दी, जिसे उन्होंने अपनी छोटी बेटी से व्यवस्था कराकर चुकाया. शिवानंद ने कुछ महीने पहले अपने खाते में दो लाख रुपये भी भेजे थे, लेकिन अब सब कुछ खत्म हो गया है.

आखिरी बातचीत और टूटता हुआ परिवार

शिवानंद की अपने पिता से आखिरी बार 9 तारीख को बात हुई थी, तब उन्होंने कहा था कि वे ओमान के पास हैं और सब ठीक-ठाक है. शिवानंद की मौत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी सुशीला अपने मासूम बच्चे और बच्ची के साथ मायके से ससुराल पहुंचीं, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के दो भाई और एक बहन हैं, जिसमें शिवानंद सबसे बड़े थे. पिता का कहना है कि बेटा चला गया तो अब वे पैसे का क्या करेंगे, लड़का जिंदा रहता तो बहुत पैसा कमाता.

Advertisement

सरकार से कार्रवाई और मुआवजे की मांग

इस दुखद घटना के बाद सुरौली गांव में पूरी तरह मातम पसरा हुआ है. गांव के निवासी अजय कुमार शाही ने शिवानंद को एक बहुत ही अच्छा लड़का बताते हुए पीड़ित परिवार की तरफ से सरकार के सामने मांग रखी है. ग्रामीणों और परिवार की मांग है कि सरकार नियम संगत एक्शन ले, मृतक का शव जल्द से जल्द घर वापस लाया जाए, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिले और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »