मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में ₹995 करोड़ से अधिक लागत की 14 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी नेताओं पर सीधा हमला बोला. सीएम योगी ने कहा कि जो लोग पहले आस्था पर प्रहार करते थे, वे आज सबसे बड़े आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया कि इन लोगों ने रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और सुप्रीम कोर्ट में विरोध के लिए अधिवक्ता खड़े किए थे.
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और अराजकता होती थी. होली और दुर्गापूजा से पहले दंगे कराए जाते थे, जबकि जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा रोकने के प्रयास होते थे. जिन्होंने किसानों के हक छीने और बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में संकट खड़ा किया, उनका उपदेश देना हास्यास्पद लगता है.
गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 7 साल पहले तक कुशीनगर, देवरिया और संतकबीरनगर जैसे जिलों में इंसेफेलाइटिस से हजारों बच्चों की मौत होती थी, लेकिन तत्कालीन सरकारों पर असर नहीं पड़ता था.
उन्होंने कहा कि 10 साल पहले गीडा में माफिया और गुंडों के भय से कोई फैक्ट्री नहीं लगती थी और गोरखपुर 'माफिया और मच्छर' के लिए बदनाम था. सीएम योगी ने कहा कि आज हर जगह मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं, गीडा में विकास हो रहा है और मुक्तेश्वर नाथ मंदिर का पुनरुद्धार हुआ है. उन्होंने उत्तर प्रदेश को अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज जैसे तीर्थों के साथ सनातन धर्म और मर्यादा का केंद्र बताया.
aajtak.in