'कल को वो गोली भी चला सकते हैं', मेरठ में प्रदर्शनकरी को थप्पड़ मारने वाले SSP अविनाश पांडे पर भड़के चंद्रशेखर आजाद; इंस्पेक्टर ने जोड़े हाथ

मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को पुलिस ने रूहाना टोल प्लाजा पर रोक दिया. इसके बाद उनके और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और भारी हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला.

Advertisement
मेरठ दौरे के दौरान पुलिस और चंद्रशेखर आजाद में तीखी बहस (Photo- Screengrab) मेरठ दौरे के दौरान पुलिस और चंद्रशेखर आजाद में तीखी बहस (Photo- Screengrab)

aajtak.in

  • मेरठ ,
  • 10 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:30 PM IST

आज़ाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को पुलिस ने मेरठ जाने के दौरान रास्ते में ही रूहाना टोल प्लाजा पर रोक दिया. यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर की गई. चंद्रशेखर आज़ाद मेरठ के टीपी नगर में हुई बीए की छात्रा ललिता गौतम की हत्या के पीड़ित परिवार से मिलने और कलेक्ट्रेट प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रताड़ना का शिकार हुए लोगों से मिलने वहां जा रहे थे. इस दौरान टोल प्लाजा पर इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह द्वारा रोके जाने और कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर गाली देने की बात पर सांसद बेहद नाराज हो गए और उनकी पुलिस से सीधी झड़प हो गई.

Advertisement

टोल प्लाजा पर पुलिस से सीधे भिड़े चंद्रशेखर

रूहाना टोल प्लाजा पर रोके जाने के बाद चंद्रशेखर आज़ाद गाड़ी से नीचे उतरकर इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह पर बिफर पड़े. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, चंद्रशेखर ने इंस्पेक्टर से कहा कि वे कर्मचारी हैं, मालिक नहीं और यह लोकतंत्र है. 

जब इंस्पेक्टर ने हाथ जोड़कर कहा कि वह अधिकारियों के आदेश पर ड्यूटी कर रहे हैं, तो चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को गाली देने पर आपत्ति जताई. इस बीच उनके समर्थकों ने भी वहां जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया.

'चोरी-छिपे नहीं, डंके की चोट पर मेरठ जा रहा हूं'

विवाद शांत होने के बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने मीडिया के सामने डंके की चोट पर मेरठ जाने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि वह कोई चोरी-छिपे नहीं जा रहे हैं. लोकतांत्रिक और संवैधानिक देश में मेरठ के भीतर जो कुछ भी हुआ, वह अच्छा नहीं है. उन्होंने  एसएसपी अविनाश पांडेय का बिना नाम नाम लिये कहा कि जब इतने बड़े पदों पर बैठे अधिकारी इस तरह का अमर्यादित व्यवहार करेंगे, तो जनता के मन में डर पैदा होना बिल्कुल लाजमी है.

Advertisement

SSP के व्यवहार पर उठाए सवाल

चंद्रशेखर आज़ाद ने किसान नेता राकेश टिकैत के बयानों का समर्थन करते हुए मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे के व्यवहार को अमर्यादित बताया. उन्होंने कहा कि अगर नारेबाजी से डरकर अधिकारी थप्पड़ बजाने लगे, तो कल वो गोली भी चला सकते हैं. उन्होंने युवाओं से पुलिस प्रताड़ना के खिलाफ आत्महत्या न करने और संघर्ष करने की अपील की. चंद्रशेखर ने कहा कि वह मेरठ जाकर डीएम और एसएसपी से खुद मिलकर इस दमनकारी व्यवहार का कारण पूछेंगे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »