यूपी के बस्ती से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गैस किल्लत को देखते हुए अब चोर भी सोना चांदी की बजाय सिलेंडर को निशाना बना रहे हैं. ऐसा ही मामला कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है. यहां एक घर में रखे भरे सिलेंडर को चोर उड़ा ले गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर रहे हैं कि अब सोना चांदी की तरह गैस की रखवाली करनी पड़ेगी.
घटना कोतवाली क्षेत्र के कटरा मोहल्ले की है. यहां एक गिरोह ने दिनदहाड़े घर के बाहर रखे भरे गैस सिलेंडर को निशाना बनाया. सिलेंडर चोरी की घटना के बाद पीड़ित युवक परेशान है कि अब उसके घर में चूल्हा कैसे जलेगा. गैस की किल्लत के बीच मुश्किल से सिलेंडर मिला था, मगर चोर ने उस पर हाथ साफ कर दिया.
यह भी पढ़ें: रेलवे स्टेशनों पर गैस की किल्लत, IRCTC का कैटरिंग और स्टॉल संचालकों को निर्देश, इंडक्शन-माइक्रोवेव का करें इस्तेमाल
पीड़ित राहुल पाल ने कहा कि उन्होंने गैस एजेंसी पर लंबी लाइन में लगकर कड़ी मशक्कत के बाद नया सिलेंडर पाया था. घर पहुंचने के बाद उन्होंने सिलेंडर को बाहर रखा, लेकिन इसी बीच चोरों ने हाथ साफ कर दिया. राहुल ने बताया कि सिलेंडर चोरी होने से उन्हें न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि उन्हें दोबारा गैस के लिए वही लंबी प्रक्रिया अपनानी पड़ेगी, जो बेहद मुश्किल है.
चोरों ने घटना को पूरी प्लानिंग से अंजाम दिया. सीसीटीवी में दिख रहा है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहा था. मौका मिलते ही चोर आंगन में एंट्री करता है और सिलेंडर उठाकर भाग जाता है.
पूरे मामले को लेकर पुलिस ने क्या कहा?
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि CCTV के आधार पर जांच की जा रही है. इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है. जल्द इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा. फिलहाल चोर का चेहरा सामने आने के बाद पुलिस उसे पकड़ने की कोशिश कर रही है.
संतोष सिंह