आंधी में नन्हे मियां के साथ उड़ा था एक और शख्स, बोला- मैं 10 फीट से गिर गया, वे शेड के साथ चले गए

यूपी के बरेली में आए चक्रवाती तूफान का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. बारातघर की टीन शेड उड़ने के दौरान सिर्फ नन्हे मियां ही नहीं, उनके साथ खड़ा एक और शख्स भी हवा में उछल गया था. उसने बताया कि वह खुद करीब 10 फीट ऊपर उठकर नीचे गिरा, जबकि नन्हे मियां टीन शेड के साथ करीब 50 फीट तक उड़ गए.

Advertisement
आंधी में करीब 50 फीट तक उड़ गए थे नन्हे मियां. (Photo: Screengrab) आंधी में करीब 50 फीट तक उड़ गए थे नन्हे मियां. (Photo: Screengrab)

कृष्ण गोपाल राज

  • बरेली,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:46 PM IST

उत्तर प्रदेश के बरेली में आए चक्रवाती तूफान ने ऐसा मंजर पैदा किया कि जिसने देखा, वह दंग रह गया. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है. वीडियो में तेज आंधी के बीच एक बारातघर का विशाल टीन शेड अचानक हवा में उड़ता दिखाई देता है और उसके साथ एक व्यक्ति भी कई फीट ऊपर आसमान में उछल जाता है. उस व्यक्ति का नाम नन्हे मियां है. अब सामने आया है कि नन्हे मियां के साथ एक व्यक्ति और उड़ गया था, जो 10 फीट की ऊंचाई से गिर गया था.

Advertisement

घटना बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के बबियाना गांव की है. यहां तेज आंधी और चक्रवाती तूफान का असर बना हुआ है. इसी दौरान गांव के पास एक बारातघर के बाहर बने टीन शेड के नीचे तीन लोग खड़े होकर तूफान से बचने की कोशिश कर रहे थे. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि अगले कुछ सेकंड में उनकी जिंदगी का सबसे खौफनाक अनुभव से सामना होने वाला है.

यहां देखें Video

तेज हवाओं के बीच अचानक बारातघर की टीन की छत हिलने लगी. तीनों लोग डर गए, लेकिन शेड के नीचे ही खड़े रहे. तभी एक तेज झोंके ने पूरा टीन शेड जड़ से उखाड़ दिया. इसके साथ वहां खड़े नन्हे मियां भी हवा में उछल गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नन्हे मियां करीब 50 फीट तक हवा में चले गए और फिर दूर मक्के के खेत में जा गिरे. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

Advertisement

लेकिन अब इस घटना में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. नन्हे मियां के साथ वहां खड़ा एक और व्यक्ति भी हवा में उड़ गया था. उसने बातचीत में बताया कि उस वक्त वह भी शेड के नीचे खड़ा था. उसने कहा कि हम तीन लोग वहां खड़े थे. नन्हे मियां दोनों हाथों से शेड को पकड़े हुए थे और मैं एक हाथ से लोहे के पिलर को पकड़े था. अचानक इतनी तेज हवा चली कि मैं भी लगभग 10 फीट ऊपर उठ गया. कुछ सेकंड बाद नीचे गिर पड़ा, लेकिन नन्हे मियां शेड के साथ ही ऊपर उड़ गए. हमने जिंदगी में ऐसा तूफान कभी नहीं देखा.

घायल नन्हे मियां का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि तेज हवा से बचने के लिए वह लोहे के पोल की रस्सी पकड़कर खड़े थे. अचानक हवा इतनी तेज चली कि उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया और वह हवा में उड़ गए. उन्होंने कहा कि उस पल उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. जब होश आया तो वह खेत में गिरे पड़े थे. इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और सांस लेने में भी तकलीफ हो रही है. फिलहाल उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

यह भी पढ़ें: हवा में तिनके की तरह उड़े नन्हे मियां, बरेली के तूफान वाले वीडियो ने मचाई सनसनी

Advertisement

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक विशाल टीन शेड तूफान के झोंके में उड़ता है और उसके साथ एक व्यक्ति भी हवा में उछल जाता है. वीडियो इतना डरावना है कि लोग बार-बार देखकर यकीन नहीं कर पा रहे. कई लोगों ने इसे फिल्मी दृश्य जैसा बताया है.

जिला प्रशासन ने भी इस घटना की पुष्टि की है. स्थानीय प्रशासन के अनुसार, चक्रवाती तूफान के चलते कई जगहों पर नुकसान हुआ है. कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए. कुछ लोग घायल भी हुए हैं.

गांव के लोगों के लिए यह घटना लंबे समय तक याद रहने वाली है. जिन्होंने अपनी आंखों से नन्हे मियां को हवा में उड़ते देखा, वे आज भी उस पल को याद कर सिहर उठते हैं. गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में कई आंधियां देखी हैं, लेकिन ऐसा तूफान कभी नहीं देखा, जिसमें इंसान टीन की छत के साथ आसमान में उड़ जाए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement