बरेली: बारात में नाच रहीं हिंदू महिलाओं पर अभद्र कमेंट करने वाला हसन खान अरेस्ट, खुद को बताता था पुलिसकर्मी

इज्जतनगर में बारात में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने और खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताने वाले आरोपी हसन खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पुलिस का लोगो लगी जैकेट पहनकर वीडियो वायरल कर रहा था. पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

Advertisement
आरोपी हसन खान पुलिस की वर्दी में भी आया नजर  (Photo- Screengrab) आरोपी हसन खान पुलिस की वर्दी में भी आया नजर (Photo- Screengrab)

कृष्ण गोपाल राज

  • बरेली ,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:52 AM IST

उत्तर प्रदेश के बरेली में हसन खान नाम के युवक ने बारात में नाच रही हिंदू महिलाओं पर अभद्र कमेंट कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद उस पर मुकदमा दर्ज हो गया है. इंस्टाग्राम पर हसन खान नाम के अकाउंट से डाले गए वीडियो में आरोपी युवक कहता है- 'यह देखो ऐसे नाच रही हैं जैसे चुड़ैल नाचती हों, कमबख्त, जीना हराम कर देती हैं.'

Advertisement

आपको बता दें कि बरेली जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक बारात में डांस कर रही हिंदू लड़कियों और महिलाओ पर कार में बैठा मुस्लिम युवक अभद्र कमेंट कर रहा है. आरोपी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर भी करता है. वह रौब दिखाताते हुए खुद को पुलिसवाला बताने की कोशिश कर रहा है. 

आरोपी कथित दारोगा से 'सर जी' कहते हुए बोलता है कि वह उनके साथ ड्यूटी करता है. वीडियो सामने आने के बाद मामले में हिंदू संगठन की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद बरेली के थाना इज्जत नगर में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. 

मामले में जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा है युवक कोई सिपाही नहीं है,  ना ही किसी सरकारी सेवा में है, वह पीस कमेटी की बैठक में थाने आता है. आरोपी वीडियो में पुलिस का मोनोग्राम लगाई हुई जैकेट पहने नजर आ रहा है. उसके खिलाफ महिलाओ से अभद्रता और फेक पुलिसकर्मी बनने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. फिलहाल, अग्रिम कार्रवाई की जा रही है. 

Advertisement

बरेली पुलिस का बयान 

पुलिस के मुताबिक, बरेली के इज्जतनगर इलाके में एक बारात के दौरान हिंदू महिलाओं के डांस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और वीडियो वायरल करने वाले आरोपी हसन खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. आरोपी अक्सर पुलिस का लोगो लगी जैकेट पहनकर घूमता था, जिससे लोग उसे सिपाही समझते थे. हालांकि, जांच में स्पष्ट हुआ कि वह न तो पुलिस में है और न ही किसी सरकारी एजेंसी का हिस्सा. 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर थाना इज्जतनगर में आरोपी के खिलाफ धारा 79 और 250 (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. हिंदू संगठन के हिमांशु पटेल ने ट्विटर पर साक्ष्य साझा कर शिकायत की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई. पुलिस का कहना है कि आरोपी शांति समिति की बैठकों के बहाने थाने आता-जाता था, जिसका फायदा उठाकर उसने पुलिसकर्मी होने का ढोंग रचा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement